रांची: प्रेमी बन गया हैवान, शादी के लिए प्रेमिका बना रही थी, पुलिस केस करने की दे रही थी धमकी, आशिक ने कर दी हत्या, गायब युवती को लेकर पुलिस का बड़ा खुलासा
Ranchi: Lover turns into a monster; the girlfriend was pressuring him for marriage and threatening to file a police case, so the lover murdered her. Police make a major revelation regarding the missing woman.

रांची। लापता हुई युवती का मामला अब सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया है कि युवती की हत्या कर दी गयी है और हत्यारा और कोई नहीं, बल्कि उसका आशिक है। आशिक शादी के दबाव और दुष्कर्म के झूठे केस की धमकी से तंग था, इसलिए प्रेमिका की हत्या कर दी।
राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र से करीब एक माह पहले लापता हुई युवती का मामला अब एक जघन्य और सनसनीखेज हत्याकांड की कहानी दहलाने वाली है।
नगड़ी थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए आरोपी प्रेमी पियूष कच्छप को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने युवती की गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने स्वर्ण रेखा नदी से बोरे में बंद युवती का शव भी बरामद कर लिया है। मामले की शुरुआत 16 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब युवती के पिता ने नगड़ी थाना में अपनी बेटी के लापता होने को लेकर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
परिजनों ने जमीन विवाद के चलते गोतिया (रिश्तेदारों) पर शक जताया था। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर सबसे पहले इसी एंगल से जांच शुरू की। संदिग्ध गोतिया से पूछताछ की गई, उनके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और गतिविधियों की जांच की गई, लेकिन पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
पुलिस ने जांच की दिशा बदली और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। 17 दिसंबर की एक फुटेज में धुर्वा इलाके में एक युवक को युवती की स्कूटी चलाते हुए देखा गया।
फुटेज के आधार पर स्कूटी की पहचान की गई और युवक के बारे में जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि स्कूटी चला रहा युवक पियूष कच्छप है, जो नगड़ी थाना क्षेत्र के ललगुटवा गांव का निवासी है और युवती का प्रेमी था।पुलिस ने 16 जनवरी को पियूष कच्छप के घर पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया।
नगड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर वह टूट गया और अपना अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसका युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी। जब उसने शादी से इंकार किया तो युवती दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी।
इसी बात से आक्रोशित होकर 16 दिसंबर को दलादली इलाके में मिलने के दौरान उसने युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह युवती की स्कूटी लेकर अपने घर लौट गया और अगले दिन 17 दिसंबर को धुर्वा के एक सुनसान स्थान पर स्कूटी छोड़कर फरार हो गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम स्वर्ण रेखा नदी पहुंची, जहां एक बोरे में बंद युवती का शव बरामद किया गया। शव की स्थिति खराब होने के बावजूद प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच का सहारा नहीं लिया गया होता, तो यह मामला लंबे समय तक अनसुलझा रह सकता था। एक माह की सतत मेहनत और जांच के बाद नगड़ी थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है ।









