झारखंड का सोनम कांड: पति को मारकर घर में गाड़ दिया, पत्नी कहती रही, मनसा पूजा मनाने गया है, लेकिन चाची की मौत ने खोल दिया राज..

Sonam scandal of Jharkhand: Husband was killed and buried in the house, wife kept saying that Mansa has gone to celebrate Puja, but aunt's death revealed the secret..

धनबाद। झारखंड एक और सोनम कांड हुआ है। देवर के प्यार में दीवानी हुई बीबी ने पति की हत्या कर उसे घर के अंदर ही दफना दिया। 10 दिन तक पत्नी ये कहकर परिवार के लोगों और पड़ोसियों को बरगलाती रही कि पति मनसा पूजा में बलि खाने गया है। अब घटना का बड़े ही नाटकीय अंदाज में पर्दाफाश हुआ।

 

घटना धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र का है, जहां पत्नी ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के कमरे में दफना दिया। परिजनों की शंका और पुलिस कार्रवाई के बाद शनिवार को शव को बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का अपने देवर से प्रेम प्रसंग था और इसी विवाद के चलते हत्या को अंजाम दिया गया।

 

शव को निकालने के लिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।मृतक के परिजनों ने बताया कि पिछले 10 दिनों से पति लापता था। पत्नी परिवार को यह कहकर टाल रही थी कि वह मनसा पूजा में गया हुआ है। इस दौरान परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई।

 

चाची की मौत से खुला राज

पूरा मामला तब खुला जब मृतक की चाची का शुक्रवार को निधन हो गया। अंतिम संस्कार में पूरा परिवार शामिल हुआ लेकिन मृतक और उसकी पत्नी वहां नहीं पहुंचे। इससे परिजनों और ग्रामीणों को शक हुआ। जब घर की तलाशी ली गई तो एक कमरे में मिट्टी का बड़ा ढेर दिखाई दिया। परिवार ने आशंका जताई कि मृतक को वहीं दफनाया गया है। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

 

पुलिस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर को सील कर दिया। आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया गया। शनिवार को मजिस्ट्रेट की देखरेख में घर के कमरे की खुदाई की गई, जिसमें से पति का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी डीएन बंका ने बताया कि पूछताछ में महिला ने अपने पति की हत्या करने और शव को दफनाने की बात स्वीकार कर ली है। हालांकि, प्रेम प्रसंग का पहलू अभी जांच के अधीन है।

 

प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद की कहानी

परिजनों का कहना है कि आरोपी महिला का अपने देवर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। देवर भी पति-पत्नी के साथ ही उसी घर में रहता था। यही विवाद पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े का कारण बनता था। मृतक अक्सर शराब पीकर घर लौटता था और फिर दोनों के बीच मारपीट होती थी।

 

परिजनों ने कई बार पंचायत बैठाकर विवाद सुलझाने और देवर को अलग करने की कोशिश की, लेकिन वह घर छोड़कर नहीं गया। इसी तनाव के चलते पति-पत्नी के बीच दूरी बढ़ती चली गई और अंततः हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया गया।डीएसपी ने कहा कि फिलहाल प्रेम प्रसंग का मामला अनुसंधान का विषय है।

Related Articles