झारखंड: प्रोफेसर के खिलाफ छात्रा ने लगाये प्रताड़ना के आरोप, काटा हाथ, विश्वविद्यालय और पुलिस जांच में जुटी
Jharkhand: Student accuses professor of harassment, cuts hand; university and police investigate

Teacher News : छात्रा ने प्रोफेसर के खिलाफ सनसनीखेज आरोप लगाये हैं। परेशान होकर छात्रा ने जान देने की कोशिश की है। मामला पलामू जिले में योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज की है। छात्रा ने कॉलेज के एक प्रोफेसर पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास अपना हाथ काट लिया। घटना के बाद पुलिस ने छात्रा को रेस्क्यू कर इलाज के लिए भेजा, वहीं विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीजी की पढ़ाई कर रही छात्रा ने मंगलवार को डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास अपना हाथ काट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही टाउन महिला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा। पीड़ित छात्रा ने महिला थाना में लिखित आवेदन देकर कॉलेज के एक प्रोफेसर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
छात्रा का कहना है कि वह आर्थिक रूप से कमजोर है और रोज ऑटो भाड़ा देकर कॉलेज पढ़ने जाती है, लेकिन संबंधित प्रोफेसर नियमित रूप से क्लास नहीं लेते थे। पढ़ाई प्रभावित होने पर उसने इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति से शिकायत की थी।
छात्रा का आरोप है कि शिकायत करने के बाद स्थिति और बिगड़ गई। उसने कहा कि संबंधित प्रोफेसर द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा और क्लास में बैठने तक नहीं दिया जा रहा था। बार-बार अपमान और पढ़ाई में बाधा से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई। इसी मानसिक तनाव में आकर छात्रा मंगलवार को डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां खुद को नुकसान पहुंचाते हुए अपना हाथ काट लिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिलाया। पुलिस ने छात्रा से बयान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, छात्रा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी जांच के आदेश दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने महिला कॉलेज के प्रिंसिपल और डीएसडब्ल्यू (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे बाहर हैं, लेकिन विश्वविद्यालय स्तर पर जांच प्रक्रिया जारी है।









