झारखंड-इंटर की परीक्षा देकर लौट रही छात्रा की मौत, भाई की बाईक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत
Jharkhand: Student returning after taking Intermediate exam dies; brother's bike hit by tractor, dies on the spot

इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा देकर लौट रही एक छात्रा की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहीद चौक के पास सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
________________________________________
लातेहार। इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा सुमन कुमारी की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।जानकारी के अनुसार, बसिया गांव निवासी रामेश्वर उरांव की बेटी सुमन कुमारी बालूमाथ हाई स्कूल से इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षा देकर अपने भाई कुलदीप उरांव के साथ बाइक से घर लौट रही थी।
जब वे शहर के पुराना अंग्रेजी शराब दुकान के समीप पहुंचे, तभी एक तेज गति से आ रहा ट्रैक्टर अचानक बाइक के बेहद करीब आ गया और उसे अपनी चपेट में ले लिया।हादसा इतना भयावह था कि सुमन कुमारी ट्रैक्टर के चक्के के नीचे आ गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद पहुंचाई। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल छात्रा को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. अशोक कुमार ने जांच के बाद सुमन को मृत घोषित कर दिया।छात्रा की मौत की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने न्याय की मांग करते हुए शहीद चौक के पास सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और ओवरलोडेड वाहनों की आवाजाही लगातार हादसों का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।
पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद धीरे-धीरे जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। साथ ही ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर पंडरिया सिरम निवासी बीरेंद्र यादव का है। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि ट्रैक्टर देवनद नदी से बालू लेकर बालूमाथ की ओर आ रहा था।









