झारखंड- किडनैपर्स इनकाउंटर की पूरी कहानी : कैरव गांधी के किडनैपर्स के साथ कैसे हो गयी पुलिस की मुठभेड़, जानिये बदमाशों के साथ इनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी
Jharkhand - The full story of the kidnappers' encounter: How the police encountered Kairav Gandhi's kidnappers, learn the inside story of the encounter with the criminals.

उद्योगपति पुत्र कैरव गांधी के अपहरण कांड से जुड़े तीन मुख्य अपराधियों के साथ पुलिस की आधी रात मुठभेड़ हो गई। हथियार बरामदगी के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में तीनों बदमाश घायल हो गए। घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है।
________________________________________
जमशेदपुर। गुरुवार देर रात पुलिस और जमशेदपुर के कैरव गांधी के किडनैपर्स के बीच इनकाउंटर हो गया। यह मुठभेड़ उद्योगपति के पुत्र कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े तीन मुख्य आरोपियों के साथ हुई, जिनकी लंबे समय से पुलिस को तलाश थी।
मुठभेड़ में तीनों अपराधी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक ये मुठभेड़ बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत साईं मंदिर के पास गुरुवार रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों अपराधियों को हथियारों की बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपियों ने अचानक एक कांस्टेबल से कार्बाइन छीनने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
थाना प्रभारी पर भी हुई फायरिंग
अपराधियों ने मुठभेड़ के दौरान थाना प्रभारी आलोक दुबे पर भी गोली चलाई, लेकिन सौभाग्य से वे बाल-बाल बच गए। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं।
जवाबी फायरिंग में तीनों अपराधियों के निचले अंगों, यानी पैरों में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
घायल अपराधियों की पहचान
घायल अपराधियों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बिहार के गया जी और नालंदा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, ये तीनों कैरव गांधी अपहरण कांड के मुख्य आरोपी हैं और अपहरण के बाद से फरार चल रहे थे। इनके पास से कार्बाइन सहित अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस को लंबे समय से थी तलाश
तीनों अपराधी अपहरण और फिरौती जैसे संगीन मामलों में शामिल रहे हैं। झारखंड और बिहार में फैले इनके आपराधिक नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और आगे और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
कैरव गांधी को सकुशल कराया गया था मुक्त
गौरतलब है कि कैरव गांधी, एक प्रमुख उद्योगपति के पुत्र हैं, जिनका कुछ दिनों पहले जमशेदपुर से अपहरण कर लिया गया था। इस मामले ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया था। करीब 13 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद जमशेदपुर पुलिस ने कैरव गांधी को सकुशल मुक्त कराया था। इसके बाद से ही अपहरण में शामिल गिरोह के सदस्यों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही थी।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मुठभेड़ के बाद सिटी एसपी ने बताया कि इस अपहरण कांड में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की जांच बेहद गंभीरता से की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।









