झारखंड विधानसभा : सत्र की कार्यवाही में हुआ फेरबदल, सर्वदलीय समिति में बनी राय, बजट सत्र को लेकर इन मुद्दों पर हुई चर्चा

Jharkhand Assembly: Session proceedings altered, all-party committee forms consensus, discusses issues related to budget session

रांची। झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से प्रारंभ होगा। सत्र की कार्यवाही को सुचारू रखने के लिए आयोजित सर्वदलीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में कार्यसूची, अनुपूरक बजट, राज्यपाल के अभिभाषण तथा हाथी के प्रकोप व खनन जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा को लेकर सहमति बनी। सत्र की कार्यवाही को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने सर्वदलीय बैठक हुई।

 

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव तथा आजसू विधायक निर्मल महतो समेत विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस बैठक में सत्र के दौरान उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों और कार्यसूची पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से 23 फरवरी की कार्यवाही को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

 

नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर सदन की कार्यवाही में संभावित बदलाव पर सहमति बनी। तय किया गया कि 23 फरवरी के स्थान पर अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद 21 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। इस निर्णय के चलते शनिवार होने के बावजूद 21 फरवरी को सदन की कार्यवाही संचालित होगी। हालांकि, इस बदलाव पर अंतिम मुहर 18 फरवरी की कार्यवाही के बाद होने वाली कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लगेगी।

 

बैठक में समसामयिक मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा की मांग उठी। आजसू विधायक निर्मल महतो ने राज्य में हाल के दिनों में हाथियों के बढ़ते प्रकोप को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए इस पर विशेष चर्चा कराने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि हाथी-मानव संघर्ष के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में जान-माल का नुकसान हो रहा है, जिस पर सदन में व्यापक विमर्श जरूरी है। इसके साथ ही खनन गतिविधियों और उनसे जुड़े सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर भी विशेष चर्चा की मांग रखी गई।

 

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यसूची में संभावित फेरबदल को लेकर कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया जाएगा। वहीं, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने बैठक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्र की कार्यवाही को सुचारू और सकारात्मक बनाए रखने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है।

 

कार्यक्रम के अनुसार, 18 फरवरी को बजट सत्र औपचारिक रूप से प्रारंभ होगा। 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और वाद-विवाद होगा। 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। इसी दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के बाद सरकार का उत्तर और मतदान की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने की भी उम्मीद है। सत्र का सबसे महत्वपूर्ण दिन 24 फरवरी होगा, जब वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट पेश करेंगे।

Related Articles