गोलीबारी से हड़कंप : स्कूल संचालक को सरेराह मारी गयी गोलियां, इलाके में मचा हड़कंप, अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
School director shot in broad daylight, police search for culprits

एक निजी स्कूल संचालक की दिनदहाड़े गोलियों से हत्या कर दी गई। बाइक सवार अपराधियों ने 14 गोलियां दागीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे-28 जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
Crime News । अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। स्कूल संचालक को सरेराह गोली मार दी गयी है। घटना को लेकर इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पूरी घटना बिहार समस्तीपुर जिले की है, जहां के मोरवा प्रखंड के ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर भिंडी पंचायत के दर्जिनिया पुल के पास निजी स्कूल संचालक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। गुस्साए स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे-28 को जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
मृतक की पहचान गणेश सहनी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मोरवा के सोंगर पंचायत निवासी पलटन सहनी के पुत्र थे। गणेश सहनी हरपुर पंचायत में एक निजी स्कूल का संचालन करते थे और रविवार की शाम बाइक से स्कूल बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने दर्जिनिया पुल के पास उन्हें घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन बाइक पर सवार करीब छह अपराधी अचानक सामने आए और गणेश सहनी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने बेहद नजदीक से करीब 14 गोलियां दागीं, जिससे मौके पर ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर हालत में गणेश सहनी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही मौत की खबर फैली, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बड़ी संख्या में जुटकर नेशनल हाईवे-28 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सड़क जाम के कारण घंटों यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर ताजपुर थाना की पुलिस के साथ-साथ वरीय पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक के भतीजे राहुल कुमार ने बताया कि उनके चाचा को अपराधियों ने बेरहमी से 14 गोलियां मारीं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के 18 घंटे बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।









