झारखंड: DC आफिस को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मचा हड़कंप, समाहरणालय बना पुलिस छावनी, बम निरोधक दस्ता व डॉग स्कावॉड का एक्शन जारी
Jharkhand: A bomb threat was received at the DC's office, causing panic. The Collectorate was turned into a police camp. The bomb disposal squad and dog squad were in action.

कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी तो आम हो गयी है, लेकिन अब डीसी आफिस और अन्य शासकीय कार्यालयों को लेकर भी धमकी भेजी जा रही है। राजधानी रांची में सिविल कोर्ट को मिली बम धमकी के बाद अब समाहरणालय (डीसी ऑफिस) को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी के बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में हैं।
रांची। रांची में एक बार फिर बम धमकी ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी के कुछ दिनों बाद अब समाहरणालय, यानी डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग में तत्काल हलचल तेज हो गई।
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। वहीं, एहतियातन डीसी ऑफिस परिसर में सुरक्षा व्यवस्था तत्काल कड़ी कर दी गई। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम नागरिकों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए पूरे समाहरणालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बम की आशंका को ध्यान में रखते हुए डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया।
विशेषज्ञ टीमों द्वारा परिसर के हर हिस्से, कमरों, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी हुई है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले 6 फरवरी को रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। वह धमकी भी सिविल कोर्ट के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी। उस घटना के बाद भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था।
रांची में लगातार मिल रही बम धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। प्रशासनिक और न्यायिक परिसरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।









