झारखंड में तीन बच्चों की मौत: होली के ठीक पहले हृदयविदारक घटना से सहमा पूरा इलाका, तीन मासूम बच्चों की हुई मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Three children die in Jharkhand: Just before Holi, the entire area was shaken by the heartbreaking incident, three innocent children died, and family members were inconsolable.

कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले से हृदयविदारक खबर आ रही है। जयनगर थाना क्षेत्र के कोसमाडीह में शनिवार की संध्या गांव के पास स्थित खोंडा आहार में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में नौ वर्षीय प्रियांशु कुमारी, पिता प्रदीप शर्मा, सात वर्षीय रोहित शर्मा पिता मुकेश शर्मा और नौ वर्षीय संध्या कुमारी पिता धर्मवीर यादव शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक तीनों बच्चे कोसमाडीह, जयनगर के निवासी थे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे लगभग दोपहर तीन बजे अपने घर से नहाने के लिए निकले थे। जब वे लंबे समय तक घर नहीं लौटे, तो स्वजनों ने खोजबीन शुरू की।
परिजनों को बच्चा चोरों द्वारा बच्चों के अपहरण का संदेह हुआ। इसी बीच, एक ग्रामीण ने बताया कि तीनों बच्चों को गांव से सटे तालाब की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत तालाब की ओर भागे।
तालाब पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने देखा कि तीनों बच्चों के शव पानी में उपला रहे थे। बच्चों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने तीनों बच्चों के शव गांव लाए और घटना की सूचना जयनगर पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस कोसमाडीह पहुंची। पुलिस ने सभी बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।









