गर्लफ्रेंड से मकान मालिक ने कमरा करवाया खाली, तो ब्वायफ्रेंड ने मचाया तांडव, ठेकेदार को घर में घुसकर धुना, तमंचा लहराकर 5 लाख भी लूटे
When the landlord made his girlfriend vacate the room, the boyfriend went on a rampage, beat up the contractor inside the house, and robbed him of 5 lakh rupees at gunpoint.

Crime News : मकान मालिक ने गर्लफ्रेंड से घर खाली करवाया, तो युवती ने ब्वायफ्रेंड से मकान मालिक की धुनाई करवा दी, यही नहीं युवकों ने 5 लाख रुपये भी लूट लिये। पुलिस ने अब इस मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरा मामला उत्तरप्रदेश के लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि किराएदार के बॉयफ्रेंड और उसके साथियों ने जल निगम के ठेकेदार के घर में घुसकर जानलेवा हमला और लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक तमंचे के बल पर 5 लाख रुपये नकद और लाखों के गहने लूटकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बॉयफ्रेंड ने अपने साथियों के साथ मिलकर मकान मालिक के घर में घुसकर न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि लाखों रुपये की लूट को भी अंजाम दिया। यह घटना पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर स्थित आदर्श विहार कॉलोनी की है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
ठेकेदार पिंटू शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 15 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे वह अपने घर में अकेले मौजूद थे। उनकी पत्नी उस समय मायके गई हुई थीं। इसी दौरान चार युवक उनके घर पहुंचे और गेट खटखटाया। जैसे ही पिंटू शर्मा ने छोटा गेट खोला, चारों युवक उन्हें धक्का देकर जबरन घर के अंदर घुस आए। इनमें से दो युवकों के हाथ में तमंचा था, जिससे उन्होंने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया।
आरोपियों ने तमंचे के बट से उनके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनकी कमर पर तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी और अलमारी की चाबी छीन ली। जान से मारने की धमकी के बीच आरोपियों ने अलमारी खोलकर 5 लाख रुपये नकद, करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन और लगभग 7 ग्राम अन्य सोने के गहने लूट लिए। यही नहीं, लूटपाट के दौरान घर का सारा सामान भी बिखेर दिया गया।
पिंटू शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके घर की दूसरी मंजिल पर शकुंतला विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा भारती किराए पर रहती थी। कुछ दिन पहले किराया न देने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद 5-6 दिन पहले ही उससे कमरा खाली करवा लिया गया था। हालांकि, उसका फ्रिज घर में ही रखा हुआ था और किराया चुकाने के बाद उसे ले जाने को कहा गया था। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी वारदात के पीछे उसी किराएदार का हाथ है।
पिंटू शर्मा ने यह भी बताया कि हमलावरों में भारती का बॉयफ्रेंड अनुज शामिल था, जो अक्सर उससे मिलने उनके घर आया-जाया करता था। इसी कारण वह उसे अच्छी तरह पहचानते हैं। इसके अलावा एक अन्य आरोपी मलिक की भी पहचान की गई है, जबकि दो युवक वारदात के समय घर के बाहर निगरानी करते हुए खड़े थे।घटना की सूचना मिलते ही पारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायल पिंटू शर्मा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।









