चोर के घर चोरी : पुलिस गयी थी चोर को पकड़ने, चोर के घर से सोने-चांदी के जेवहरात व कैश कर दिये गायब, दारोगा-सिपाही सस्पेंड, जांच जारी

Theft at thief's house: Police went to apprehend the thief, but gold and silver jewellery and cash disappeared from the thief's house. Inspector and constable suspended, investigation ongoing.

Police News : चोर के घर ही पुलिसवालों ने चोरी कर ली। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है, वहीं मामले में दारोगा और सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है। पूरा मामला बिहार के वैशाली जिले का है, जहां चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि चोर के घर पुलिस ने छापेमारी की, इस दौरान चोर के घर से सोना, चांदी और नकदी गायब कर दी। वैशाली एसपी ने दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

 

इस घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां कथित चोर के घर हुई छापेमारी के बाद अब चोरी का आरोप पुलिस पदाधिकारियों पर ही लग गया है। इस पूरे मामले के उजागर होने के बाद वैशाली के पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। एसपी की यह कार्रवाई जिलेभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

 

क्या है पूरा मामला?

एसपी ललित मोहन शर्मा के अनुसार, 31 दिसंबर को सदर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में लालगंज थाना पुलिस ने एक पति-पत्नी द्वारा संचालित कथित चोरी गिरोह का उद्भेदन किया था। पुलिस टीम ने वैशाली जिले के बिलनपुर गांव में रहने वाले रामप्रीत सहनी के घर छापेमारी की थी। पुलिस का दावा था कि रामप्रीत सहनी चोरी की घटनाओं में शामिल था और इसी सिलसिले में उसके घर कार्रवाई की गई।

 

छापेमारी में बरामदगी का दावा

पुलिस ने छापेमारी के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रामप्रीत सहनी के घर से चोरी के बर्तन, एलसीडी टीवी, कारतूस सहित कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार किया था। पहली नजर में यह एक सामान्य चोरी का खुलासा लग रहा था, लेकिन इसके बाद जो आरोप सामने आए, उन्होंने पूरे मामले को उलझा दिया।

 

सोना, चांदी और नकद गायब होने का आरोप

मामले में नया मोड़ तब आया, जब आरोप लगाया गया कि पुलिस ने छापेमारी के दौरान सिर्फ वही सामान नहीं उठाया, जो जब्ती सूची में दिखाया गया है, बल्कि कई किलो सोना, चांदी और लाखों रुपये नकद भी ले गई, जिसे आधिकारिक जब्ती सूची में शामिल नहीं किया गया।रामप्रीत सहनी के पड़ोसी गेनालाल सहनी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से लगभग 2 किलोग्राम सोना, 6 किलोग्राम चांदी और 50 से 60 लाख रुपये नकद उठाए, लेकिन इनका कहीं कोई जिक्र नहीं किया गया।

 

सरकारी गवाह के बयान से बढ़ी मुश्किल

इस मामले को और गंभीर बनाते हुए गांव की एक महिला, जिसे सरकारी गवाह बनाया गया था, ने भी दावा किया कि उसने पुलिस को बड़ी मात्रा में सामान घर से ले जाते हुए देखा था। इस बयान के बाद पुलिस की भूमिका पर सवाल और गहरे हो गए।

 

बिना मीडिया के हुई छापेमारी पर सवाल

गेनालाल सहनी ने यह भी आरोप लगाया कि छापेमारी के समय पुलिस के साथ कोई भी मीडिया प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि वे पटना में रहते हैं और जब 31 दिसंबर की रात गांव लौटे, तब उन्हें इस छापेमारी की जानकारी मिली। घरवालों से पूछताछ में पता चला कि पुलिस ने जब्ती सूची भी ठीक से नहीं बनाई थी।

 

पुलिस पर मनमानी का आरोप

पड़ोसी का कहना है कि रामप्रीत सहनी मछली के कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसी से उसने पूंजी बनाई थी, लेकिन पुलिस ने चोरी का आरोप लगाकर नकदी और जेवरात हड़प लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने सिर्फ एक राइफल, दो गोली, तीन एलसीडी और बर्तन की बरामदगी दिखाई, जबकि असल में कहीं ज्यादा संपत्ति ले जाई गई।

 

एसपी की सख्त कार्रवाई, जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसपी ललित मोहन शर्मा ने तत्काल दो पुलिस पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। एसपी का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ashrita

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles