शिक्षक ने जूता चोरी की दर्ज करायी FIR : मास्टर साहब का जूता मंदिर से हो गया चोरी, तो दर्ज करा दी FIR, पुलिस ने CCTV के आधार पर चोर की तलाश में जुटी, फिर…
Teacher files FIR for shoe theft: Master Sahib's shoe was stolen from the temple, so FIR was lodged, police started searching for the thief on the basis of CCTV, then...

Crime News : जूता चोरी का एक बड़ा ही अजीबोगरीब मामला सामने आया है। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हनुमान टेकरी में शिक्षक का जूता चोरी हो गया, जिसके बाद शिक्षक ने जूता चोरी का मामला दर्ज करा दिया। आमतौर पर छोटी मानी जाने वाली इस घटना ने उस वक्त तूल पकड़ लिया, जब शिक्षक ने इसे अपनी आस्था और श्रद्धा से जुड़ा विषय बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आखिरकार चोरी हुए जूते बरामद कर रविवार को शिक्षक को सौंप दिए। पूरा मामला मध्य प्रदेश के गुना शहर का है।
कैंट थाने में दर्ज कराई गई थी शिकायत
गुना शहर की विंध्याचल कॉलोनी में रहने वाले राजेश कुमार शर्मा नामक शिक्षक ने कैंट थाना में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शर्मा ने बताया कि 30 दिसंबर की शाम वह हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद जब वह बाहर निकले तो उनके जूते वहां से गायब थे।
शिक्षक ने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया कि हनुमान टेकरी जैसे श्रद्धा के केंद्र पर, जहां सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, इस तरह की चोरी की घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि दर्शनार्थियों की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया कि उनके जूते खोजकर वापस दिलाए जाएं, ताकि उनकी आस्था बनी रहे।
4000 रुपये बताए थे जूतों के दाम
शिकायत में राजेश शर्मा ने जूतों की कीमत लगभग 4000 रुपये बताई थी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पैसों का मामला नहीं है, बल्कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर हुई चोरी ने उन्हें मानसिक रूप से आहत किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की।
सीसीटीवी से आरोपी की पहचान
गुना कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक व्यक्ति की पहचान हुई, जो अपने पुराने जूते छोड़कर शिक्षक के जूते पहनकर वहां से चला गया था। आरोपी की पहचान गुना के बूढ़े बालाजी क्षेत्र में रहने वाले ओम प्रकाश सेन के रूप में की गई है।
पुलिस की कार्रवाई से घबराकर घर से फरार हुआ आरोपी
थाना प्रभारी के अनुसार, जब आरोपी को यह आभास हुआ कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है और वह सीसीटीवी फुटेज के जरिए पहचान में आ चुका है, तो वह घर से बाहर चला गया। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो आरोपी की पत्नी ने घर में रखे जूते पुलिस को सौंप दिए।
जूते शिक्षक को लौटाए गए, केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। रविवार शाम पुलिस ने शिक्षक राजेश शर्मा को कैंट थाने बुलाया और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके जूते उन्हें वापस सौंप दिए।
पुलिस बोली—छोटी या बड़ी चोरी, कार्रवाई होगी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी चाहे छोटी हो या बड़ी, हर मामले में कानून के तहत कार्रवाई की जाती है। इस प्रकरण में भी पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि धार्मिक स्थलों पर होने वाली घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाएगा।इस अनोखे मामले ने जहां लोगों को हैरान किया, वहीं पुलिस की तत्परता ने यह भी साबित किया कि शिकायत चाहे किसी भी स्तर की हो, यदि उसे गंभीरता से लिया जाए तो न्याय संभव है।









