1 सितंबर से दूध के दाम में बड़ा झटका! एक लीटर पर सीधे ₹9 ज्यादा, 100 के पार पहुंच जाएगा रेट; त्योहारों से पहले बढ़ी टेंशन

Milk Price Hike: मुंबई में होलसेल दूध की कीमत ₹93 से बढ़कर ₹102 प्रति लीटर होगी, नया रेट 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगा; महंगाई का असर दही, घी और मिठाइयों पर भी पड़ सकता है

मुंबई। सितंबर की शुरुआत आम लोगों की जेब पर एक और बोझ डालने वाली है। 1 सितंबर से मुंबई में दूध की कीमत में सीधे 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने जा रही है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूर्स एसोसिएशन ने होलसेल दूध की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है।

कीमत बढ़ने के बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में होलसेल दूध का रेट 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। यानी पहली बार कीमत 100 रुपये प्रति लीटर के आंकड़े को पार कर जाएगी।

नया रेट 1 सितंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक लागू रहने की बात कही गई है।

त्योहारों से पहले बढ़ी दूध की कीमत

एसोसिएशन के मुताबिक, आने वाले त्योहारों को देखते हुए दूध की मांग और कारोबार पर दबाव बढ़ रहा है। इसके साथ ही डेयरी किसानों और तबेला मालिकों की लागत में भी लगातार इजाफा हुआ है।

पशुपालन से जुड़े खर्च बढ़ने का असर दूध की कीमत पर पड़ा है। इसी वजह से होलसेल रेट में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है।

चूनी से लेकर हरे चारे तक महंगे

बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूर्स एसोसिएशन का कहना है कि पिछले एक साल में पशुओं के चारे और पशुआहार की लागत बढ़ी है। चूनी, हरा चारा, खरी समेत कई तरह के पशुआहार पहले के मुकाबले महंगे हुए हैं।

इसके अलावा डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों पर बढ़ते ट्रांसपोर्ट खर्च का भी दबाव है। इन बढ़ती लागतों के बीच दूध की कीमत में संशोधन जरूरी बताया गया है।

दूध महंगा तो दही, घी और मिठाई की कीमत पर भी असर?

दूध की कीमत बढ़ने का असर सिर्फ दूध खरीदने वालों तक सीमित नहीं रह सकता। दूध से बनने वाले उत्पादों की लागत बढ़ने पर आने वाले समय में दही, मक्खन, घी और मिठाइयों की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

त्योहारों का सीजन सामने है और इसी दौरान दूध से बने उत्पादों की मांग भी काफी बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर लोगों के त्योहारों के बजट पर पड़ सकता है।

चीनी के बाद दूध ने बढ़ाई चिंता

दूध से पहले चीनी की बढ़ती कीमतों ने भी लोगों की चिंता बढ़ाई हुई है। पिछले साल की तुलना में इस बार चीनी करीब 20 रुपये तक महंगी होने की बात सामने आई है।

कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार को बाहर से चीनी के ड्यूटी-फ्री आयात की अनुमति देने का फैसला तक करना पड़ा है।

अब दूध के दाम में एक झटके में 9 रुपये की बढ़ोतरी के बाद त्योहारों से पहले आम लोगों के घरेलू बजट पर महंगाई का दबाव और बढ़ने की आशंका है।

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close