20 रुपये की रिश्वत का केस 30 साल चला, सुप्रीम कोर्ट से बरी हुए कर्मचारी; फैसला सुनने के बाद अगले दिन हुई मौत
1996 के 20 रुपये रिश्वत मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कर्मचारी और चपरासी को बरी कर दिया। फैसला मिलने के अगले दिन 64 वर्षीय बाबूभाई प्रजापति की मौत हो गई।

नई दिल्ली। 20 रुपये की रिश्वत ने एक सरकारी कर्मचारी को करीब 30 साल तक कानूनी लड़ाई लड़ने पर मजबूर कर दिया। मामला 1996 में शुरू हुआ था और इतने लंबे समय बाद सुप्रीम कोर्ट ने आखिरकार दोषसिद्धि को रद्द करते हुए आरोपी कर्मचारी और चपरासी को बरी कर दिया। लेकिन फैसले के बाद इस कहानी का अंत बेहद भावुक रहा। राहत की खबर मिलने के अगले ही दिन 64 वर्षीय बाबूभाई प्रजापति की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
1996 में दर्ज हुआ था रिश्वत का मामला
मामला फरवरी 1996 का है। उस समय गुजरात में पुलिस कांस्टेबल के तौर पर तैनात बाबूभाई प्रजापति पर एक ट्रक ड्राइवर से 20 रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगा था। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और 1997 में चार्जशीट दाखिल हुई।2002 में आरोप तय हुए और 2003 से गवाहों की सुनवाई शुरू हुई। इसके बाद 2004 में सेशन कोर्ट ने बाबूभाई को दोषी ठहराते हुए चार साल की सजा और 3 हजार रुपये जुर्माना लगाया।इसके खिलाफ उन्होंने गुजरात हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मामला वहां करीब 22 साल तक लंबित रहा।
2026 में हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत
करीब तीन दशक बाद 4 फरवरी 2026 को गुजरात हाई कोर्ट ने मामले पर फैसला सुनाया। कोर्ट ने बाबूभाई और दो अन्य कांस्टेबलों को बरी करते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपों को पर्याप्त रूप से साबित नहीं कर सका। गवाहों के बयानों में भी गंभीर विरोधाभास पाए गए।इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां एक बार फिर आरोपों और सबूतों की जांच हुई।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- सिर्फ रकम मिलना काफी नहीं
जस्टिस उज्ज्वल भुइयां और जस्टिस अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि रिश्वत की मांग साबित होना जरूरी है। महज आरोपी के पास से रकम बरामद हो जाने के आधार पर रिश्वत लेने का अपराध साबित नहीं माना जा सकता।
कोर्ट ने 1996 के मामले में गुजरात सरकार के कर्मचारी और उसके अधीन काम करने वाले चपरासी की दोषसिद्धि रद्द करते हुए दोनों को बरी कर दिया।अदालत ने अभियोजन के उस दावे पर भी गौर किया जिसमें रिश्वत की कथित मांग को लेकर शिकायतकर्ता के बयानों में अंतर सामने आया था। एक जगह 200 रुपये मांगे जाने और बाद में 120 रुपये पर बात तय होने की बात कही गई, जबकि ट्रायल के दौरान यह बात उसी तरह सामने नहीं आई थी।
20 रुपये की बरामदगी बनी थी केस का अहम आधार
अभियोजन के अनुसार, शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 120 रुपये मांगे गए थे। इसमें 100 रुपये कर्मचारी और 20 रुपये चपरासी के लिए बताए गए थे। शिकायत के बाद ACB ने कार्रवाई की और चिह्नित नोटों के साथ शिकायतकर्ता को भेजा।बाद में चपरासी के पास से 20 रुपये बरामद हुए, लेकिन कथित 100 रुपये कर्मचारी से नहीं मिले। यही बरामदगी लंबे समय तक चले मुकदमे में अहम बिंदु बनी रही।
‘मेरी जिंदगी से कलंक हट गया…’
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बाबूभाई अपने वकील नितिन गांधी के कार्यालय पहुंचे। तीन दशक लंबी कानूनी लड़ाई के बाद बरी होने पर वह बेहद खुश थे। उन्होंने वकील से कहा कि उनकी जिंदगी से कलंक हट गया है।वकील ने उन्हें सरकारी नौकरी से जुड़े लाभ और पेंशन आदि के लिए आवेदन करने की सलाह भी दी। इसके बाद बाबूभाई घर लौट गए।लेकिन अगले दिन जब वकील ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो पता चला कि 64 वर्षीय बाबूभाई की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो चुकी है।
करीब 30 साल तक चले इस मामले में जिस फैसले का इंतजार बाबूभाई ने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा बिताकर किया, उसे सुनने के बाद वह सिर्फ एक दिन ही जीवित रहे। फैसले ने उन्हें कानूनी तौर पर राहत तो दी, लेकिन उनकी जिंदगी की यह लंबी लड़ाई बेहद दर्दनाक अंत के साथ खत्म हुई।









