रांची। महिला ने लूटेरों को याद दिलाया छठी का दूध, गाड़ी से नीचे पटका, गोलियों से भी नहीं डरी…
Ranchi: A woman reminded the robbers of their sixth day's milk, threw them out of the car, and wasn't even afraid of bullets.

रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला की हिम्मत और सूझबूझ के कारण अपराधी वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
________________________________________
रांची। राजधानी में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब अपराधी दिन के उजाले में भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। नया मामला बरियातू का है, जहां दिन दहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग की कोशिश हुई। हालांकि महिला की बहादुरी और साहस के आगे अपराधियों की एक न चली और वे बिना चेन लूटे मौके से फरार हो गए।
पूरी घटना हाउसिंग कॉलोनी चौक की है। महिला अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आई थी और कार्यक्रम के बाद मैरिज हॉल से अपने रिश्तेदार के घर लौट रही थी। जैसे ही वह हाउसिंग कॉलोनी चौक पर पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसे निशाना बनाया।
अपराधियों ने चलते-चलते महिला की सोने की चेन झपट ली और तेजी से भागने की कोशिश की। अचानक हुए इस हमले से महिला सड़क पर गिर पड़ी, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। उसने पीछे बैठे अपराधी को पकड़ लिया, जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक सवार दोनों अपराधी सड़क पर गिर पड़े।
इस दौरान महिला भी गिर गई, लेकिन उसने अपनी चेन नहीं छोड़ी। एक अपराधी पैदल भागने लगा, तो महिला उसे पकड़ने के लिए दौड़ पड़ी। महिला के इस साहसिक कदम से अपराधी पूरी तरह घबरा गए। खुद को बचाने और महिला को डराने के लिए अपराधी ने नकली पिस्टल निकालकर दो रबर गोलियां चलाईं। हालांकि इससे महिला को कोई चोट नहीं आई।
इसी बीच दूसरा अपराधी बाइक उठाकर अपने साथी के पास पहुंचा और दोनों मौके से फरार होने में सफल हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी महिला की मदद करने की हिम्मत नहीं दिखाई। महिला ने बाद में बताया कि अगर आसपास मौजूद लोग थोड़ी भी मदद करते, तो अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया जाता।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह अपराधी महिला की चेन छीनने की कोशिश करते हैं, गिरने के बावजूद महिला उनसे भिड़ जाती है और अंत तक अपनी चेन बचाने में सफल रहती है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
इस मामले को लेकर बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला की ओर से अब तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।









