रांची-प्रेम प्रंसंग में मर्डर: रिश्तेदार से दूर रहने की दी थी चेतावनी, प्रेमी ने दोस्तों संग मिलकर मार डाला, दोस्त ही बन गये दुश्मन, पुलिस का खुलासा
Ranchi- Love affair murder: Had warned to stay away from relative, lover killed with the help of friends, friends turned enemies, police revealed

रांची में 16 साल के वसीम मंसूरी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया है कि प्रेम प्रसंग से जुड़े पुराने विवाद में वसीम के ही साथ काम करने वाले दो युवकों ने उसकी चाकू और लाठी से निर्मम हत्या कर दी थी। वारदात के बाद शव को निर्माणाधीन अपार्टमेंट मंक छिपा दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
Jharkhand Crime News : प्रेम प्रसंग में 16 साल के वसीम की हत्या हुई थी। अपनी रिश्तेदार से दूर रहने की धमकी युवक को दी गयी थी, इसी विवाद में वसी की हत्या हुई थी।
दरअसल रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में वसीम मंसूरी की हत्या की गयी थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सघन पूछताछ के आधार पर मृतक के साथ काम करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया। हत्या की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा पुराना विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक मृतक वसीम मंसूरी, पंडरा मुस्लिम बस्ती का रहने वाला था। उसका शव 4 फरवरी 2026 को लाजपत नगर स्थित अनसूल अपार्टमेंट के सामने एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट के लिफ्ट स्पेस में पानी से भरे गड्ढे से बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। जांच में सामने आया कि वसीम 2 फरवरी से लापता था।
दोस्त ही बन गये दुश्मन
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि वसीम की हत्या उसके ही साथ काम करने वाले साहिद असारी ने अपने साथी मुसरफ असारी के साथ मिलकर की थी। दोनों ने वसीम को पहले से तय योजना के तहत बुलाया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
शव बरामद होने के बाद प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इसकी गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी (नगर) द्वारा हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) गठित की गई।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की जड़
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि साहिद असारी का वसीम की एक रिश्तेदार युवती से प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। 15 जनवरी 2026 को लोहरदगा में साहिद को वसीम और उसके परिजनों ने पकड़ लिया था और उसके साथ मारपीट की थी।
साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।इसी अपमान और बदले की भावना में साहिद ने अपने साथी मुसरफ के साथ मिलकर 2 फरवरी 2026 को वसीम की हत्या की साजिश रची।
काम के बहाने बुलाया, फिर की निर्मम हत्या
योजना के तहत आरोपियों ने वसीम को काम के बहाने लाजपत नगर, पुंदाग स्थित अनसूल अपार्टमेंट के सामने निर्माणाधीन भवन में बुलाया। भवन के प्रथम तल के एक कमरे में दोनों ने वसीम पर चाकू और लाठी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद सबूत छिपाने के इरादे से वसीम के शव को ग्राउंड फ्लोर के लिफ्ट स्पेस में बने पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया, ताकि पहचान और साक्ष्य मिटाए जा सकें।
हथियार और खून से सने कपड़े बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून लगा चाकू, डंडा, साहिद का खून से सना हरा शर्ट, नीला जींस, साथ ही दोनों आरोपियों के स्मार्टफोन भी बरामद कर लिए हैं।









