झारखंड-दुल्हा-दुल्हन की मौत: सेना के जवान की नवविवाहिता पत्नी सहित मौत, शादी के बाद पूजा के लिए आ रहे थे घर, रास्ते में ट्रेलर ने कुचला
Jharkhand bride and groom die: Army soldier and his newlywed wife die after wedding, were returning home for puja, crushed by trailer on the way

झारखंड के रामगढ़-बोकारो मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित दंपत्ति की मौत हो गई। शादी के महज 25 दिन बाद हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
________________________________________
Jharkhand Road Accident : झारखंड से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। रामगढ़-बोकारो मार्ग पर गुरुवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक नवविवाहित दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सेना का जवान था और शादी की छुट्टी में आया हुआ था। इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। दुर्घटना रामगढ़-बोकारो मार्ग के मारंगमरचा स्थित बाबा भंडारी लाइन होटल के पास शाम करीब 7:45 बजे हुई। मृतकों की पहचान बोकारो जिले के चांदो निवासी 29 वर्षीय गौतम नायक और उनकी 25 वर्षीय पत्नी काजल देवी के रूप में की गई है।
कैसे हुआ हादसा
गौतम नायक और काजल देवी की शादी 8 मार्च 2026 को हुई थी। शादी के महज 25 दिन बाद ही यह हादसा हो गया। गुरुवार को दोनों पति-पत्नी रामगढ़ से अपनी होंडा बाइक (JH09AY-0357) पर सवार होकर अपने पैतृक गांव चांदो लौट रहे थे। इसी दौरान मारंगमरचा के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
खुशियां मातम में बदलीं
बताया जा रहा है कि 3 अप्रैल को उनके घर में पूजा का आयोजन होना था, जिसमें शामिल होने के लिए दोनों घर लौट रहे थे। लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस घर में हाल ही में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।
सेना से जुड़ा था मृतक
स्थानीय लोगों के अनुसार, गौतम नायक भारतीय सेना से जुड़े थे और पहले लद्दाख में तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला रामगढ़ कैंट में हुआ था। इस हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है।फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।









