शिक्षक अभ्यर्थी तैयार हो जाइये! बंपर शिक्षक नियुक्ति की स्थिति अगले सप्ताह हो जायेगी फाइनल, शिक्षा विभाग ने दिये संकेत, जानिये कहां फंसा है मामला
Teacher candidates, get ready! The status of the bumper teacher recruitment will be finalized next week, the Education Department has provided some indication. Find out where the matter stands.

Teacher Vacancy। सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। इसी महीने शिक्षक भर्ती की स्थिति साफ हो जायेगी। शिक्षा मंत्री ने इसे लेकर संकेत दिये हैं। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) जल्द ही शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4 का नोटिफिकेशन जारी कर सकता है। लंबे समय से भर्ती विज्ञापन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के बीच अब उम्मीद तेज हो गई है।
शिक्षा विभाग की ओर से संकेत दिए गए हैं कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अंतिम औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और बहुत जल्द आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी।राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार गंभीर है और विभाग लगातार आयोग के संपर्क में है। उन्होंने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग और BPSC के बीच कुछ तकनीकी प्रक्रियाएं शेष हैं, जिन्हें अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए तेजी लाने के निर्देश
दरअसल शिक्षा मंत्री के मुताबिक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षक भर्ती से संबंधित सभी लंबित प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए। सरकार चाहती है कि TRE 4 भर्ती प्रक्रिया में अब और देरी न हो और अभ्यर्थियों को जल्द आवेदन का अवसर मिले। सूत्रों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया को लेकर विभागीय स्तर पर लगातार बैठकें हो रही हैं। सरकार का फोकस इस बार भर्ती प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर है।
25-26 मई तक तस्वीर हो सकती है साफ
TRE 4 नोटिफिकेशन को लेकर 25 से 26 मई के बीच स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकती है। माना जा रहा है कि इन्हीं तारीखों के आसपास आयोग भर्ती विज्ञापन जारी करने को लेकर बड़ा फैसला ले सकता है।दरअसल, पिछले कई महीनों से अभ्यर्थी लगातार भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे थे। भर्ती में हो रही देरी को लेकर कई बार प्रदर्शन और आंदोलन भी हुए। इससे पहले फरवरी महीने में BPSC की ओर से संकेत दिया गया था कि TRE 4 का विज्ञापन जल्द जारी होगा, लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी।
कई विभागों के पद होंगे शामिल
BPSC परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार ने जानकारी दी है कि TRE 4 के तहत बड़े पैमाने पर भर्ती की जाएगी। इसमें केवल शिक्षा विभाग ही नहीं, बल्कि अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के पद भी शामिल किए जाएंगे।बताया जा रहा है कि इस भर्ती प्रक्रिया में शिक्षक पदों के अलावा प्रधानाचार्य स्तर के पद भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे में यह भर्ती अभियान राज्य की सबसे बड़ी नियुक्ति प्रक्रियाओं में से एक माना जा रहा है।
अगले साल से लागू होगा भर्ती कैलेंडर
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने यह भी कहा कि सरकार अगले साल से शिक्षक भर्ती के लिए एक निश्चित कैलेंडर लागू करने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को नियमित और पारदर्शी बनाना है, ताकि अभ्यर्थियों को हर बार लंबे इंतजार का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि तय कैलेंडर लागू होने से भर्ती परीक्षाएं समय पर आयोजित होंगी और नियुक्ति प्रक्रिया में अनिश्चितता कम होगी।
अभ्यर्थियों में बढ़ी उम्मीद
TRE 4 को लेकर लगातार आ रही खबरों के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह बढ़ गया है। सोशल मीडिया से लेकर कोचिंग संस्थानों तक भर्ती प्रक्रिया की चर्चाएं तेज हैं। लाखों अभ्यर्थी अब आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे आवेदन और परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दे सकें।









