ग्रेजुएशन के लिए स्कॉलरशिप: बेटियों के लिए उच्च शिक्षा का सुनहरा मौका, हर साल मिलेंगे ₹30 हजार; 31 अगस्त तक आवेदन
Azim Premji Foundation Scholarship 2026-27 के तहत पात्र छात्राओं को हर साल ₹30,000 छात्रवृत्ति मिलेगी। पहले चरण के लिए 31 अगस्त 2026 तक आवेदन करें।

Azim Premji Foundation Scholarship: आर्थिक परेशानियों के कारण उच्च शिक्षा का सपना अधूरा न रह जाए, इसके लिए अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना 2026-27 बेटियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर लेकर आई है। योजना के तहत पात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए हर साल 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल का पहला चरण खुला है और 31 अगस्त 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं।इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाली छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग देना है, ताकि पैसे की कमी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
हर साल मिलेगी 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति
अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को वार्षिक 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह राशि छात्राओं को अपनी पढ़ाई से जुड़े खर्चों को पूरा करने और उच्च शिक्षा जारी रखने में मदद करेगी।योजना से पहले लाभान्वित हो चुकी छात्राएं भी यदि इस वर्ष पढ़ाई जारी रख रही हैं, तो उपलब्ध पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकती हैं। योजना के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा पूरी कर आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कौन छात्राएं कर सकती हैं आवेदन?
योजना के लिए पात्रता के तहत छात्राओं को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी। आवेदन करने वाली छात्रा ने—
• 10वीं और 12वीं दोनों परीक्षाएं योजना में शामिल 19 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के शासकीय विद्यालय/महाविद्यालय से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हों।
• शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो।
• भारत के किसी भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के मान्यता प्राप्त शासकीय अथवा पात्र निजी महाविद्यालय/विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया हो।
• स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम की अवधि 2 से 5 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
पात्रता और आवेदन से जुड़ी विस्तृत शर्तों की जानकारी आवेदन करते समय आधिकारिक पोर्टल पर जरूर जांच लें।
छात्राओं को आवेदन में सहयोग करेंगे कॉलेज
योजना को अधिक से अधिक पात्र छात्राओं तक पहुंचाने के लिए शासकीय और पात्र निजी महाविद्यालयों से भी सहयोग करने की अपील की गई है।प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत पात्र छात्राओं की पहचान करें और उन्हें छात्रवृत्ति योजना की जानकारी दें। आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी होने पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की भी पहल की जा रही है।छात्राओं और अभिभावकों से अपील की गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार कर समय रहते आवेदन पूरा कर लें।
31 अगस्त के बाद जनवरी 2027 में मिलेगा दूसरा मौका
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन का पहला चरण 31 अगस्त 2026 तक चलेगा।इसके बाद आवेदन का दूसरा चरण 10 जनवरी 2027 से 31 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। ऐसे में जो पात्र छात्राएं पहले चरण में आवेदन नहीं कर पाती हैं, वे अगले चरण में आवेदन का अवसर प्राप्त कर सकती हैं।
छात्रवृत्ति से बेटियों को मिलेगी उच्च शिक्षा में मदद
अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के जरिए छात्राओं को पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहयोग मिलेगा। आर्थिक सीमाओं के कारण उच्च शिक्षा छोड़ने की स्थिति से बचाने में इस तरह की छात्रवृत्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।जिला प्रशासन की ओर से भी बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। उद्देश्य है कि कोई भी पात्र छात्रा केवल जानकारी के अभाव या आवेदन प्रक्रिया में परेशानी के कारण इस अवसर से वंचित न रहे।
हेल्पलाइन नंबर पर ले सकते हैं जानकारी
छात्रवृत्ति योजना से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: +91 90199 60536 पर संपर्क किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण तारीखें
विवरण तारीख
पहला आवेदन चरण 31 अगस्त 2026 तक
छात्रवृत्ति ₹30,000 प्रति वर्ष
दूसरा आवेदन चरण 10 जनवरी 2027 से 31 जनवरी 2027
हेल्पलाइन +91 90199 60536









