झारखंड-घूसखोर क्लर्क गिरफ्तार : कर्मचारी से 18000 रिश्वत लेते सीबीआई ने रंगे हाथों पकड़ा, पेंशन भुगतान के एवज में ले रहे थे रिश्वत

Jharkhand: Corrupt clerk arrested – CBI caught him red-handed accepting an ₹18,000 bribe from an employee; the bribe was being taken in exchange for processing a pension payment.

बोकारो। रिश्वत मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। दो घूसखोर क्लर्क को गिरफ्तार किया गया है। घूसखोर कर्मचारी को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। बोकारो के सीसीएल की गोविंदपुर परियोजना में सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान से जुड़ा काम कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में धनबाद सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने दो क्लर्कों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

दोनों पर एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 18 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। शुक्रवार को सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए दोनों को कार्यालय परिसर से पकड़ा।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज के रूप में हुई है। कार्रवाई कथारा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सीसीएल की गोविंदपुर परियोजना में की गई।

रिटायरमेंट के बाद लंबित था सीएमपीएफ और पेंशन का भुगतान
मामला गोविंदपुर परियोजना के सर्वे विभाग में काम कर चुके जनता नगर निवासी रसूल जमा से जुड़ा है। वह करीब सात महीने पहले सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उनका सीएमपीएफ और पेंशन से संबंधित भुगतान लंबित था।आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में दोनों क्लर्कों ने उनसे रिश्वत की मांग की। लगातार पैसे की मांग से परेशान होकर रसूल जमा ने इसकी शिकायत धनबाद सीबीआई से की।

शिकायत के बाद CBI ने पहले किया सत्यापन
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद दोनों कर्मचारियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई गई।शुक्रवार को इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में धनबाद सीबीआई की एंटी करप्शन टीम करीब साढ़े 11 बजे गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची। कार्रवाई को लेकर टीम पहले से तैयार थी।

18 हजार रुपये देते ही दोनों को पकड़ लिया
ट्रैप की योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर कार्यालय पहुंचा। जैसे ही उसने दोनों क्लर्कों को 18 हजार रुपये दिए, वहां पहले से मौजूद सीबीआई अधिकारियों ने दोनों को पकड़ लिया।अचानक हुई कार्रवाई से परियोजना कार्यालय में हड़कंप मच गया। सीबीआई टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर धनबाद ले गई, जहां उनसे पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

महाप्रबंधक ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
कथारा एरिया के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह ने दोनों कर्मचारियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सीबीआई टीम ने सेवानिवृत्त कर्मचारी रसूल जमा की शिकायत के आधार पर दोनों कर्मचारियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

महाप्रबंधक के मुताबिक सीबीआई की ओर से फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी परियोजना प्रबंधन को नहीं दी गई है। गिरफ्तारी के बाद अब सीबीआई की जांच में रिश्वत की मांग और भुगतान से जुड़े पूरे मामले की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close