JSSC CGL पेपर गड़बड़ी मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, रांची नगर निगम का फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार गिरफ्तार

गिरिडीह/रांची। “दाल में काला है”…ये कहावत बहुत पुरानी है, परंतु बदलते दौर में ये कहावत अब बदल रही है, क्योंकि दाल में काला नहीं बल्कि “पूरी की पूरी दाल काली है”… इस कहावत की ओर झारखंड में हुई परीक्षा जाती दिख रही है।
JSSC CGL परीक्षा के पेपर गड़बड़ी मामले में हर दिन नए नए खुलासे हो रहे है। परीक्षा में गड़बड़ी कर उच्च पदों पर जमे अधिकारी कर्मी अपने नियुक्ति के बाद कई अभ्यर्थियों को अपना निशाना बनाया।
मामले की जांच कर रही CID की टीम ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। CID ने रांची नगर निगम के फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार को गिरिडीह जिले से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, CID की टीम बुधवार देर रात गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा स्थित संजय कुमार के घर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए रांची ले आई।
देर रात घर पहुंची CID की टीम ने मारा छापा
बताया जा रहा है कि JSSC CGL पेपर गड़बड़ी मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर CID टीम ने संजय कुमार की गिरफ्तारी की है। देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में भी चर्चा तेज हो गई।
गिरफ्तारी के बाद CID टीम आरोपी को अपने साथ रांची ले गई है, जहां उससे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर गड़बड़ी मामले में उसकी क्या भूमिका रही और मामले से जुड़े अन्य लोगों के साथ उसका कोई संपर्क था या नहीं।
जांच में आगे और भी होंगे खुलासे
JSSC CGL पेपर गड़बड़ी मामले में CID लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले भी जांच के दौरान कई लोगों से पूछताछ और गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। संजय कुमार की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है।









