Ranchi Pollution: दिवाली पर पटाखों ने बनाया प्रदूषण का रिकॉर्ड, धुर्वा में AQI 1110 के पार, पांच साल की सबसे जहरीली हुई हवा

रांची। दिवाली की रात हुई आतिशबाजी ने झारखंड की राजधानी रांची की हवा को जहरीला बना दिया। पटाखों से निकले धुएं और प्रदूषक कणों के कारण शहर की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट दर्ज की गई। हालात ऐसे रहे कि रांची के धुर्वा सेक्टर-2 में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1110 के पार पहुंच गया। शहर के कई अन्य इलाकों में भी AQI 700 से 900 के बीच दर्ज किया गया। इस बार दिवाली पर प्रदूषण का स्तर पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि दिवाली से ठीक एक दिन पहले रांची का अधिकतम AQI महज 191 था।

धुर्वा में AQI 1110, गांधी नगर में 877 तक पहुंचा प्रदूषण

एक्यूआई डॉट इन के आंकड़ों के अनुसार, दिवाली की रात रांची के कई इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया। धुर्वा सेक्टर-2 में रात आठ से नौ बजे के बीच AQI करीब 1110 दर्ज किया गया। वहीं गांधी नगर कॉलोनी में 877, नयाटोली में 787, कोकर चौक में 712 और दीपाटोली में 522 तक पहुंच गया।

आंकड़ों के मुताबिक, आठ नवंबर को रांची का औसत AQI करीब 230 रहा। वहीं धनबाद में औसत AQI 296 और जमशेदपुर में 236 दर्ज किया गया। पिछले साल दिवाली पर रांची का औसत AQI 184 था, जबकि इस बार यह आंकड़ा करीब 230 तक पहुंच गया। इस तरह पिछले पांच वर्षों में दिवाली के दौरान सबसे अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया।

24 घंटे में 191 से 1110 तक पहुंचा AQI

रांची की हवा में प्रदूषण बढ़ने की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिवाली से एक दिन पहले यानी सात नवंबर को रात आठ से नौ बजे के बीच अधिकतम AQI 191 दर्ज किया गया था। लेकिन आतिशबाजी के बाद अगले ही दिन कुछ इलाकों में यह आंकड़ा 1100 के पार पहुंच गया। महज 24 घंटे के भीतर हवा की गुणवत्ता में भारी गिरावट दर्ज की गई।

दिवाली की रात हवा की गति करीब 9.7 किलोमीटर प्रति घंटा और तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस था। विशेषज्ञों के मुताबिक, रात के समय मौसम की कुछ परिस्थितियों में प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो सकते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ता है।

PM 2.5 और PM 10 ने भी बढ़ाई चिंता

पटाखों के धुएं का असर केवल AQI तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हवा में मौजूद हानिकारक प्रदूषक कणों का स्तर भी काफी बढ़ गया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, PM 2.5 का स्तर 482 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर और PM 10 का स्तर 617 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। इसके अलावा कार्बन मोनोऑक्साइड 2454 PPB, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड 4 PPV, सल्फर डाइऑक्साइड 3 PPB और ओजोन 29 PPB दर्ज किया गया।

विशेषज्ञों के अनुसार, PM 2.5 के बेहद छोटे कण सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। इससे खांसी, सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों के लिए ऐसे हालात अधिक नुकसानदायक साबित हो सकते हैं।

पटना में भी दिवाली के बाद बिगड़ी हवा

पटाखों से बढ़े प्रदूषण का असर केवल रांची तक सीमित नहीं रहा। बिहार की राजधानी पटना में भी दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई। सोमवार को शहर के छह सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 180 से 352 के बीच दर्ज किया गया। पटना का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 280 रहा।

रात में क्यों जहरीली होने लगती है हवा? विशेषज्ञ ने बताई वजह

डॉ. मनीष कुमार, निदेशक, सस्टेनेबल भारत फाउंडेशन के अनुसार, रात के समय एटमॉस्फेरिक बाउंड्री लेयर नीचे आ जाती है। इसके कारण जमीन के पास मौजूद प्रदूषण ऊपर की ओर फैल नहीं पाता और वातावरण में जमा होने लगता है।

उन्होंने बताया कि दिवाली के दौरान लगातार होने वाली आतिशबाजी से निकलने वाला धुआं इस स्थिति को और गंभीर बना देता है। इससे हवा में कार्बन मोनोऑक्साइड समेत कई प्रदूषकों की मात्रा बढ़ सकती है, जो मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं।

AQI के किस स्तर पर कितनी खतरनाक होती है हवा?

वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI के जरिए हवा में प्रदूषण की स्थिति मापी जाती है। इसके निर्धारित स्तरों के अनुसार 0 से 50 तक AQI अच्छी हवा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है।

रांची के कई इलाकों में दिवाली की रात AQI 500 के पार पहुंचने की रिपोर्ट ने स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close