ट्रेन एक्सीडेंट ब्रेकिंग : छठ पूजा की ट्रेनों में चल रही भीड़ के बीच बड़ा ट्रेन हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस की कई बोगियां पटरी से उतरी, मुख्यमंत्री ने दिये निर्देश…

Train Accident : छठ पूजा की ट्रेनों में चल रही भीड़ के बीच एक बड़ी खबर आ रही है। ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। बताया जा रहा है कि कई डिब्बे पटरी से उतर गये हैं, ये हादसा असम के गुवाहाटी में बुधवार, 11 नवंबर की सुबह घटी है। दिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 13125) पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे बेपटरी हो गए। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक, हादसे में चार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है और घायलों का इलाज जारी है।
सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (Northeast Frontier Railway) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो सकी और इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। शुरुआती जानकारी में लोको पायलट द्वारा ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर पाने की बात सामने आई है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दी जानकारी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों का इलाज किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है। फंसे हुए यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था भी की गई है।
राहत और बचाव कार्य शुरू, मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेल मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए रिकवरी ट्रेन को घटनास्थल पर भेजा गया है।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक (GM) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर बहाली कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। रेलवे की ओर से प्रभावित यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
दो ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
गुवाहाटी के पास हुए इस रेल हादसे के कारण रेलवे परिचालन पर भी असर पड़ा है। सुरक्षा और परिचालन संबंधी कारणों से दो ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
प्रभावित ट्रेनों की जानकारी इस प्रकार है:
• ट्रेन नंबर 12067 (गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस): पानबारी स्टेशन पर रोकी गई।
• ट्रेन नंबर 15627 (कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस): पानीखैती स्टेशन पर रोकी गई।
रेलवे प्रशासन की ओर से रेल मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे की जांच के बाद सामने आएंगे कारण
दिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुए इस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना और रेल परिचालन सामान्य करना है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बहाली का काम पूरा होने के बाद प्रभावित रेल सेवाओं को सामान्य करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।









