10-12 घंटे खड़े रहकर मुस्कुराते हैं, लेकिन दर्द कोई नहीं देखता! सोनू सूद ने उठाई एयरपोर्ट और होटल कर्मचारियों के हक की आवाज

अभिनेता ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट साझा करते हुए इस मुद्दे को सामने रखा। उन्होंने काउंटर, लाउंज, रिसेप्शन और सर्विस डेस्क पर काम करने वाले कर्मचारियों की स्थिति पर ध्यान देने की अपील की। उनका कहना है कि जो लोग दूसरों को आराम और बेहतर सुविधाएं देने के लिए घंटों खड़े रहते हैं, उनके आराम का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
10-12 घंटे खड़े रहने की मजबूरी, फिर भी चेहरे पर रहती है मुस्कान
सोनू सूद ने अपने पोस्ट में लिखा कि एयरपोर्ट, लाउंज, होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारी घंटों खड़े रहकर मुस्कुराते हुए लोगों की सेवा करते हैं। क्या कभी किसी ने सोचा है कि उनका काम कितना थकाने वाला होता है? अभिनेता ने कहा कि कर्मचारियों की इस परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उनके लिए उचित सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्थानों की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
सोनू सूद की बड़ी अपील, ऊंचे स्टूल और आराम की हो व्यवस्था
अभिनेता ने सुझाव दिया कि काउंटर और सर्विस डेस्क पर काम करने वाले कर्मचारियों को ऊंचे स्टूल या बैठने की उचित व्यवस्था दी जानी चाहिए। जब काम का दबाव कम हो, तो उन्हें कुछ देर आराम करने का मौका भी मिलना चाहिए। सोनू सूद के मुताबिक, यह केवल कर्मचारियों को अतिरिक्त सुविधा देने का मामला नहीं है, बल्कि इसे कार्यस्थल के बुनियादी मानक के रूप में लागू किया जाना चाहिए।
‘थोड़ा आराम सुविधा नहीं, सम्मान और इंसानियत की बात है’
सोनू सूद ने अपने संदेश में लिखा, “हॉस्पिटैलिटी का मतलब दूसरों को आराम देना है। आइए उन लोगों के आराम को न भूलें, जो हमारी सेवा करते हैं। थोड़ा आराम कोई सुविधा नहीं है। यह सम्मान और इंसानियत की बात है।”
उनकी इस अपील ने सेवा क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों की सुविधाओं और कार्यस्थल पर उनके सम्मान को लेकर एक महत्वपूर्ण चर्चा शुरू कर दी है।
पहले भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं सोनू सूद
सोनू सूद इससे पहले भी सामाजिक मुद्दों और जरूरतमंद लोगों की मदद को लेकर चर्चा में रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान प्रवासी मजदूरों की सहायता से लेकर आपदा प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए उन्होंने कई पहल की हैं। हाल ही में सितंबर 2026 में नेपाल में आई भीषण बाढ़ के दौरान भी उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए भोजन, कंबल और जरूरी राहत सामग्री वितरित की थी। एक बार फिर सोनू सूद ने ऐसे लोगों की परेशानी को आवाज दी है, जिनकी मेहनत तो रोज दिखाई देती है, लेकिन उनकी तकलीफ अक्सर नजरअंदाज कर दी जाती है।









