फेसबुक LIVE के बाद मिली थी निशा भगत की लाश, अब CM हेमंत सोरेन का बड़ा एक्शन! CBI के हवाले होगा मौत का रहस्य

रांची। झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। मौत से पहले फेसबुक LIVE पर अपनी परेशानियों और कथित प्रताड़ना का जिक्र करने वाली निशा भगत की मौत की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी जानकारी साझा की। इस फैसले के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि निशा भगत की मौत के पीछे छिपे सच का खुलासा हो सकेगा।
दरअसल, निशा भगत की मौत के बाद से ही उनके परिजन और विभिन्न आदिवासी संगठन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। परिजनों ने मामले में साजिश की आशंका जताते हुए शुरुआत से ही सीबीआई जांच की मांग उठाई थी। सामाजिक कार्यकर्ता एवं IRS अधिकारी निशा उरांव ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच की आवश्यकता बताई थी।
फेसबुक LIVE के बाद घर में मिली थी निशा भगत की लाश
यह पूरा मामला 6 नवंबर का है। निशा भगत रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने आवास पर मृत पाई गई थीं। उनकी मौत से पहले का फेसबुक LIVE भी चर्चा में आया था, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानियों और कथित प्रताड़ना से जुड़ी कई बातें साझा की थीं। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और मामले को लेकर लगातार सवाल उठने लगे थे।
निशा भगत के पिता हांदू भगत की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। एफआईआर में दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस की ओर से विशेष जांच टीम (SIT) का गठन भी किया गया था। हालांकि, परिजन पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं थे और लगातार उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे थे।
पिता की मांग के बाद सरकार का बड़ा फैसला
निशा भगत के पिता हांदू भगत लगातार अपनी बेटी की मौत के पीछे की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे थे। मंगलवार को उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल से बातचीत में कहा था कि उनकी बेटी की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसके लिए सीबीआई को जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए।
अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद मामले की सीबीआई जांच कराने का रास्ता साफ हो गया है। इसी बीच पिठोरिया थाना प्रभारी सतीष पांडेय को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है।
CBI जांच पर भाजपा ने भी सरकार को घेरा
निशा भगत मौत मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा के बाद झारखंड की राजनीति भी गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस फैसले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भाजपा इस मामले को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन नहीं करती, तो सरकार सीबीआई जांच का निर्णय नहीं लेती।
आदित्य साहू के मुताबिक, भाजपा के लगातार विरोध और दबाव के कारण सरकार को जांच की अनुशंसा करनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी को न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि आदिवासी बेटी को न्याय मिलेगा तथा मामले के दोषियों को सजा मिलेगी।
अब CBI जांच से खुलेगा मौत का राज?
निशा भगत की संदिग्ध मौत, मौत से पहले का फेसबुक LIVE, परिजनों की ओर से जताई गई साजिश की आशंका और एफआईआर में नामजद दो आरोपी, इन सभी पहलुओं को लेकर अब जांच एजेंसी की भूमिका अहम होगी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों और मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। परिजनों और आदिवासी संगठनों को उम्मीद है कि सीबीआई जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और उन्हें न्याय मिलेगा।









