सोनिया गांधी पर पोस्ट करना कंगना रनौत को पड़ा भारी! बीजेपी सांसद के खिलाफ FIR दर्ज, इन 3 धाराओं में पुलिस ने शुरू की जांच
सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के बाद बढ़ीं कंगना रनौत की मुश्किलें। रिटायर्ड कैप्टन की शिकायत पर शिमला में दर्ज हुआ मामला, अब पुलिस खंगाल रही पोस्ट से जुड़े तथ्य।

शिमला। बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिर गई हैं। इस बार मामला कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करने के मामले में कंगना के खिलाफ हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में FIR दर्ज की गई है। रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा का आरोप है कि कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री साझा की थी। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से समाज में तनाव पैदा हो सकता है और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट से शांति व्यवस्था बिगड़ सकती है। इसी आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई थी।
पुलिस ने कंगना रनौत के खिलाफ BNS की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत FIR दर्ज की है। फिलहाल शिमला पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पोस्ट, उसमें किए गए दावों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
आखिर कंगना ने सोनिया गांधी को लेकर क्या लिखा था?
दरअसल, विवाद उस समय शुरू हुआ जब कंगना रनौत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक सोशल मीडिया पोस्ट रीशेयर की। इस पोस्ट में सोनिया गांधी की जीवनी का हवाला देते हुए राजीव गांधी की हत्या वाले दिन से जुड़ा एक दावा किया गया था। पोस्ट में कहा गया था कि जिस दिन राजीव गांधी की हत्या हुई, उस दिन वह सोनिया गांधी को अपने साथ ले जाना चाहते थे, लेकिन सोनिया उनके साथ नहीं गई थीं।
कंगना ने इस पोस्ट के साथ अपनी टिप्पणी में लिखा कि सोनिया गांधी की बायोग्राफी पढ़ना अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसा है। उन्होंने दावा किया कि इस किताब में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी की हत्या वाले दिन उनके साथ नहीं जाने की वजह थकान और सुस्ती जैसी समस्याओं को बताया है। इसी टिप्पणी में उन्होंने राहुल गांधी को लेकर भी तंज कसा और लिखा कि मुश्किलों में खुद को डालने की यह कला उन्हें अपनी मां से विरासत में मिली है।
दूसरी पोस्ट में सोनिया गांधी की संपत्ति पर उठाए सवाल
कंगना रनौत ने केवल एक पोस्ट ही रीशेयर नहीं की, बल्कि अगली पोस्ट में सोनिया गांधी की कथित संपत्ति और आर्थिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि बिना अपनी जिंदगी में एक पैसा कमाए सोनिया गांधी साल 1991 में दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में कैसे शामिल हो गईं? पोस्ट में स्विस बैंक खातों में 2 अरब डॉलर से अधिक की रकम होने का दावा करते हुए सवाल उठाया गया था कि उनकी बायोग्राफी में इन सवालों का जवाब क्यों नहीं दिया गया।
इस पोस्ट में सोनिया गांधी को लेकर तीखी राजनीतिक टिप्पणी भी की गई थी। कंगना की इन टिप्पणियों के सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया और अब उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है। कंगना की सोशल मीडिया पोस्ट और शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही सामने आएगी। ऐसे में अब सबकी नजर शिमला पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है। वहीं, इस FIR के बाद कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।









