नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा की गिरफ्तारी की मांग, भाजपा ने दी राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

रांची। झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। विधायक पर 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची के यौन शोषण, दुष्कर्म और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आदित्य साहू ने पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
आदित्य साहू ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि पर इस तरह के गंभीर आरोप लगना पूरे झारखंड को शर्मसार करने वाला मामला है। आरोपों के मुताबिक, बच्ची को पढ़ाने-लिखाने और उसका भविष्य संवारने का भरोसा देकर विधायक ने उसे अपने आवास पर बुलाया था। पीड़िता ने विधायक के परिजनों पर भी मारपीट और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। साहू ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को बिना किसी दबाव के जांच करनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भी घेरा। उन्होंने राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर कांग्रेस अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करने जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो नेतृत्व से भी जवाब मांगा कि गठबंधन सरकार आरोपी विधायक को बचाने का प्रयास करेगी या पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो सड़क से सदन तक होगा आंदोलन
आदित्य साहू ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी विधायक की गिरफ्तारी और पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो भाजपा इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। पार्टी सड़क से लेकर सदन तक सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर पूरे झारखंड में राज्यव्यापी आंदोलन भी शुरू किया जाएगा। भाजपा ने सरकार से मांग की है कि मामले में किसी भी तरह का राजनीतिक दबाव स्वीकार किए बिना पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।









