झारखंड स्थापना दिवस पर पुलिस के 20 जांबाजों को मिलेगा बड़ा सम्मान! किसी ने वीरता से अपराधियों को दी चुनौती तो किसी ने सेवा से बनाई पहचान….
28 नवंबर को आयोजित होगा सम्मान समारोह, वीरता पदक के लिए 2022, 2023 और 2024 के चयनित पुलिसकर्मियों के नाम शामिल; सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में छह आईपीएस अधिकारी भी शामिल।

रांची। झारखंड स्थापना दिवस का अवसर राज्य पुलिस के उन अधिकारियों और जवानों के लिए खास होने जा रहा है, जिन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ निभाया है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग के 20 अधिकारियों और जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इनमें 13 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को वीरता पदक, जबकि सात लोगों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। आगामी 28 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में सभी चयनित पुलिसकर्मियों को पदकों से अलंकृत किया जाएगा।
खास बात यह है कि यह समारोह झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर भी आयोजित हो रहा है। ऐसे में पुलिस विभाग के लिए यह आयोजन उपलब्धियों और सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर बनने जा रहा है।
वीरता पदक के लिए 13 अधिकारियों और जवानों का चयन
वीरता पदक के लिए वर्ष 2022, 2023 और 2024 के चयनित अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया जाएगा। इन सभी का चयन उनके साहस और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए किया गया है।
वर्ष 2022 के लिए पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार भगत और दिव्य प्रकाश का चयन किया गया है। वहीं, वर्ष 2023 के लिए पुलिस अवर निरीक्षक सनोज कुमार चौधरी, आरक्षी प्रकाश कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र लकड़ा, नीरज कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक सोनू कुमार साहू को वीरता पदक प्रदान किया जाएगा।
इसी तरह वर्ष 2024 के लिए आईपीएस अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह और राकेश रंजन के साथ प्रकाश सोय, पुलिस अवर निरीक्षक शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार और शिवलाल गुप्ता को वीरता पदक के लिए चुना गया है।
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में छह आईपीएस अधिकारी
वीरता पदक के अलावा सराहनीय सेवा पदक के लिए भी सात पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के नामों को स्वीकृति दी गई है। इनमें छह आईपीएस अधिकारी शामिल हैं।
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में आईपीएस असीम विक्रांत मिंज, अनीश गुप्ता, राज कुमार मेहता, दीपक कुमार शर्मा, मुकेश कुमार और दीपक कुमार पाण्डेय के नाम शामिल हैं। इनके अलावा सहायक अवर निरीक्षक (आयुधिक) मोहम्मद अरशद खां को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
बोकारो से रांची और पलामू से धनबाद तक के पुलिसकर्मियों को मिलेगा सम्मान
सम्मान के लिए चयनित अधिकारी और जवान झारखंड के अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात हैं। वीरता पदक के लिए चुने गए पुलिसकर्मियों का संबंध बोकारो, हजारीबाग, चतरा, रांची, पलामू, गिरिडीह, जमशेदपुर, धनबाद और रामगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से है। इसके अलावा कुछ अधिकारी पुलिस मुख्यालय और अभियान शाखा में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।
वहीं, सराहनीय सेवा पदक के लिए चयनित अधिकारियों में अपराध अनुसंधान विभाग (CID), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस में कार्यरत अधिकारी शामिल हैं। कुछ अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
28 नवंबर को समारोह में पदकों से होंगे सम्मानित
झारखंड स्थापना दिवस और सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में सभी 20 चयनित पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा। 13 वीरता पदक और सात सराहनीय सेवा पदकों के जरिए राज्य पुलिस के उन कर्मियों के योगदान को सम्मान मिलेगा, जिन्होंने अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों से विभाग का गौरव बढ़ाया है।









