Jharkhand Politics: परिसीमन पर हेमंत सोरेन का बड़ा दांव! सांसदों के साथ आज करेंगे मंथन, आदिवासी हितों पर झामुमो ने दी दो टूक चेतावनी
मुख्यमंत्री आवास पर झामुमो के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की अहम बैठक, विनोद पांडेय बोले- आदिवासी समुदाय के राजनीतिक और सामाजिक हितों की अनदेखी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी

रांची। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद झारखंड की सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे पर अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) भी अपनी रणनीति तैयार करने में जुट गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को पार्टी के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की अहम बैठक बुलाई है। बैठक मुख्यमंत्री आवास पर होगी, जिसमें खुद हेमंत सोरेन भी मौजूद रहेंगे।
इस बैठक में परिसीमन का झारखंड पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों और खास तौर पर आदिवासी समुदाय के राजनीतिक व सामाजिक हितों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि बैठक के बाद झामुमो इस मुद्दे पर अपनी रणनीति और रुख को लेकर बड़ा फैसला या स्पष्ट बयान दे सकता है।
आदिवासी हितों की अनदेखी पर झामुमो की दो टूक चेतावनी
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी परिसीमन के मुद्दे पर पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि परिसीमन की प्रक्रिया से झारखंड के आदिवासी समुदाय के राजनीतिक और सामाजिक हित प्रभावित होते हैं, तो इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सांसदों के साथ परिसीमन के सभी संभावित प्रभावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
अपने पुराने रुख पर कायम है झामुमो
दरअसल, केंद्रीय कैबिनेट की ओर से परिसीमन और लोकसभा-विधानसभा में महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने के बाद झामुमो ने अपना विरोधी रुख दोहराया था।
पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि झारखंड का गठन आदिवासी-मूलवासी समुदाय के हितों की रक्षा के उद्देश्य से हुआ है। ऐसे में अगर परिसीमन की प्रक्रिया से इस समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व या हितों पर असर पड़ता है, तो झामुमो इसका जोरदार विरोध करेगा।
परिसीमन के मुद्दे पर झारखंड में बढ़ सकती है सियासी हलचल
झारखंड में परिसीमन को लेकर सबसे बड़ी चिंता आदिवासी समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और उसके हितों को लेकर है। ऐसे में झामुमो की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है। अब सबकी नजरें बैठक के नतीजों पर टिकी हैं। देखना होगा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी के सांसद परिसीमन के मुद्दे पर आगे की क्या रणनीति तय करते हैं।








