गंदगी के बीच बन रहा था ‘जहरीला’ पनीर! छापेमारी में मिला 698 किलो मिलावटी माल, गड्ढा खोदकर कराया गया नष्ट
हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, प्रतापगढ़-अमेठी की 3 इकाइयों पर भी छापा; कहीं एसिड तो कहीं बासी पनीर और दही मिला

हापुड़। बाजार में मिलने वाले पनीर की शुद्धता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी पनीर बनाने वाले एक ठिकाने पर छापेमारी कर 698 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया है। हैरानी की बात यह है कि यह पनीर बेहद गंदगी के बीच तैयार और रखा जा रहा था। जब्त पनीर की कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर पूरे पनीर को नष्ट करा दिया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पनीर और रिफाइंड के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके साथ ही पनीर बनाने वाली इकाई को बंद करा दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दतियाना गांव में छापा
जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के दतियाना गांव में बड़े पैमाने पर मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही विभाग ने टीम गठित की और संबंधित ठिकाने पर छापेमारी की।
मौके पर पहुंची टीम ने जब जांच की तो वहां भारी मात्रा में पनीर गंदगी के बीच रखा मिला। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 698 किलो पनीर जब्त किया और उसे गड्ढे में दबवाकर नष्ट करा दिया।
प्रतापगढ़ और अमेठी में भी खुली मिलावट की पोल
मिलावटी पनीर के खिलाफ कार्रवाई सिर्फ हापुड़ तक सीमित नहीं रही। उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) ने प्रतापगढ़ और अमेठी में भी तीन पनीर निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की।
जांच में सामने आया कि इन इकाइयों के पास खोवा बनाने का लाइसेंस था, लेकिन उसकी आड़ में पनीर तैयार किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को 65 बोरी स्किम्ड मिल्क पाउडर और औद्योगिक इस्तेमाल वाला एसिटिक एसिड भी मिला।
प्रतापगढ़ में रोजाना तैयार हो रहा था 10 क्विंटल पनीर
प्रतापगढ़ की एक इकाई में प्रतिदिन करीब 10 क्विंटल लो-फैट पनीर तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई। कार्रवाई के दौरान यहां से 8 क्विंटल पनीर, 2,880 लीटर पनीर का घोल और 170 किलो क्रीम जब्त की गई।
विभाग ने करीब 3.32 लाख रुपये की खाद्य सामग्री को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया।
अमेठी में मिला बासी पनीर और सात दिन पुराना दही
अमेठी में भी जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को गंभीर अनियमितताएं मिलीं। यहां 195 किलो बासी पनीर और सात दिन पुराना 358 किलो दही बरामद हुआ। अधिकारियों ने दोनों खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
तीनों इकाइयों का संचालन तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया है। साथ ही कुल 10 नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।
‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई FSDA आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत की गई है।
विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।








