बंद फ्लैट में 5 दिन तक पड़ा रहा 82 साल के डॉक्टर का शव, तेज दुर्गंध से खुला राज; पास बैठा मिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटा
कानपुर के अमन एनक्लेव अपार्टमेंट में बुजुर्ग डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, नाती मां के साथ प्रसाद देने पहुंचा तो घर के अंदर का मंजर देखकर रह गया हैरान

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बंद फ्लैट के अंदर 82 वर्षीय डॉक्टर का करीब पांच दिन पुराना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। फ्लैट से तेज दुर्गंध आने के बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉक्टर प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव का शव बरामद किया। हैरानी की बात यह रही कि शव के पास ही उनका बेटा विजय श्रीवास्तव बैठा मिला, जिसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना कानपुर के पनकी क्षेत्र स्थित अमन एनक्लेव अपार्टमेंट के एक फ्लैट की है। डॉक्टर प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव अपने बेटे विजय के साथ यहां रहते थे। उनकी तीन बेटियां अर्चना, भावना और प्रीति हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर की मौत करीब पांच दिन पहले हुई होगी और इस दौरान उनका शव फ्लैट के अंदर ही पड़ा रहा।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब डॉक्टर का नाती अनमोल अपनी मां के साथ नाना के घर पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, अनमोल ने हाल ही में नई कार खरीदी थी। मंदिर में दर्शन करने के बाद वह अपनी मां के साथ पनकी के रतनपुर स्थित नाना के फ्लैट पर प्रसाद देने गया था। जैसे ही वे फ्लैट के अंदर पहुंचे, वहां तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद अंदर जाकर देखा तो डॉक्टर प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव का शव बिस्तर पर पड़ा था। वहीं, उनके बेटे विजय श्रीवास्तव शव के पास ही बैठे हुए थे।
यह दृश्य देखकर अनमोल और उसकी मां हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फ्लैट के अंदर की परिस्थितियों और डॉक्टर की मौत से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट के मुताबिक, डॉक्टर के बेटे को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। हालांकि, बुजुर्ग डॉक्टर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनकी मृत्यु का वास्तविक कारण क्या है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।









