सावधान! झारखंड में भीषण बारिश के बाद अब कड़ाके की ठंड, पढ़िये मौसम विभाग की चेतावनी, झारखंड का ये जिला सबसे ठंडा.. पढ़िये..
Caution! After heavy rains, Jharkhand is now experiencing severe cold. Read the weather department's warning. This district in Jharkhand is the coldest.

Jharkhand Weather Update : झारखंड के मौसम से जुड़ी एक बड़ी अपडेट मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस बार छठ से ही तेज ठंड की शुरुआत हो जायेगी। अभी से ही राजधानी रांची सहित कई जिलों में सुबह और शाम के वक्त ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार राज्य में पिछले साल से ज्यादा कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। फिलहाल रांची में न्यूनतम तापमान औसत से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में भी मौसम शुष्क और ठंडा बना रहेगा।
रांची में तापमान गिरा, गुमला सबसे ठंडा जिला
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक राज्य में ठंड ने शुरुआती दस्तक दे दी है। 17 अक्टूबर को रांची का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, गुमला में इससे भी कम 15.7 डिग्री सेल्सियस तापमान 16 अक्टूबर को दर्ज किया गया था।पिछले साल यानी 17 अक्टूबर 2024 को रांची का न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस था। तब आसमान में बादल छाए रहने से तापमान सामान्य से ज्यादा था। इस बार तापमान में लगभग 5 डिग्री की गिरावट देखी जा रही है।
कड़ाके की ठंड का अनुमान
मौसम केंद्र का कहना है कि इस बार झारखंड में सर्दी कुछ हफ्ते पहले ही दस्तक दे चुकी है, और जैसे-जैसे अक्टूबर का अंत नजदीक आएगा, न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी। नवंबर के पहले सप्ताह से ही सुबह और रात के तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।विशेष रूप से पहाड़ी और वन क्षेत्रों में तापमान 12 से 14 डिग्री तक जा सकता है, जिससे कड़ाके की ठंड का अनुभव होगा।
दीपावली पर रहेगा सर्द और शुष्क मौसम
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए अनुमान जारी किया है।
• 18 अक्टूबर: आसमान में आंशिक बादल, लेकिन मौसम रहेगा शुष्क।
• 19-20 अक्टूबर: झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
• दीपावली (20 अक्टूबर के आसपास):
राज्य के दक्षिणी हिस्से — पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा — में आंशिक बादल दिख सकते हैं। हालांकि, बारिश की संभावना नहीं है।
इस दौरान शुष्क मौसम के कारण ठंड और ज्यादा महसूस होगी।
• 21-22 अक्टूबर: आसमान पूरी तरह साफ और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दीपावली की रातें इस बार पिछले साल की तुलना में ज्यादा ठंडी और साफ आसमान वाली होंगी।
बदलते मौसम में सतर्क रहें लोग
मौसम केंद्र ने नागरिकों से अपील की है कि वे तापमान में आ रही गिरावट को हल्के में न लें। सुबह और शाम के समय तापमान में अंतर के कारण सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।रांची समेत झारखंड के अन्य जिलों में अब सुबह की धुंध और ठंडी हवाएं सर्दी की आमद का संकेत दे रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा और आने वाले दिनों में पारा 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।









