JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का बड़ा ऐलान: 24 अगस्त से नेमरा से निकलेगी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा, CM आवास घेराव की चेतावनी, पढ़िये देवेंद्र महतो ने क्या कहा….
Major announcement by JPSC-JSSC aspirants: 'Recruitment System Reform Yatra' to commence from Nemra on August 24; warning issued to lay siege to the CM's residence—read what Devendra Mahto had to say...

रांची। JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने झारखंड की भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और सरकार की कार्रवाई को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मंच के प्रमुख और छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने सरकार पर भर्ती मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने और अदालत में छात्रों के हित में कमजोर पक्ष रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब आंदोलन किसी भी कीमत पर समझौते के रास्ते पर नहीं जाएगा।
इस दौरान मंच ने घोषणा की है कि 24 अगस्त से दिशोम गुरु पद्म भूषण शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा से ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ शुरू की जाएगी। यह यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों से होकर गुजरेगी। वहीं 15 सितंबर को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि यदि सरकार ने उस दिन मजबूती से अपना पक्ष नहीं रखा, तो छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
5 जुलाई से शुरू हुआ था आंदोलन
प्रेस कांफ्रेस में देवेंद्रनाथ महतो ने बताया कि छात्रों का आंदोलन 5 जुलाई से शुरू हुआ था। इसके बाद 25 जुलाई से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह में तब्दील हो गया। मंच का दावा है कि आंदोलन के दबाव में सरकार को 22 परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं, छह परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ीं और 17 मामलों में जांच बैठाई गई।हालांकि, बाद में संबंधित मामलों को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई और JPSC की 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा सहित FSO, CDPO और JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने के फैसले पर रोक लग गई।
अदालत में सरकार की पैरवी पर सवाल
देवेंद्रनाथ महतो ने आरोप लगाया कि सरकार ने अदालत में CID की जांच रिपोर्ट और अपने फैसले के आधार को मजबूती से प्रस्तुत नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार की ओर से महाधिवक्ता पहले दिन अदालत में क्यों मौजूद नहीं थे और छात्रों से जुड़े मामलों में सरकार ने प्रभावी पैरवी क्यों नहीं की।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग किसी निर्दोष अभ्यर्थी की नौकरी छीनने की नहीं है, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की है। उनका कहना है कि जांच में जो दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और पूरी भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।
नेमरा से शुरू होगी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
मंच के अनुसार 24 अगस्त से नेमरा से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा शुरू होगी। यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों तक जाएगी। मंच का कहना है कि इसका उद्देश्य केवल सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि प्रदेश में ऐसी भर्ती व्यवस्था की मांग करना है जिसमें भविष्य में परीक्षा में धांधली और अनियमितताओं की गुंजाइश न रहे।देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि मंत्री के बयानों और CID जांच के आधार पर कई भर्ती परीक्षाओं में कार्रवाई हुई है। अब सरकार को केवल तत्काल कार्रवाई के बजाय भर्ती व्यवस्था में स्थायी सुधार लागू करना चाहिए।
15 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव की चेतावनी
JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच ने 15 सितंबर को होने वाली हाईकोर्ट की सुनवाई को लेकर सरकार को चेतावनी दी है। मंच के मुताबिक यदि सरकार ने छात्रों के हित में मजबूती से अपना पक्ष नहीं रखा, तो बड़ी संख्या में छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।मंच ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा और अनिश्चितकालीन चक्का जाम जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।









