झारखंड: LPG सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, एक घर के भीतर मिले 14 गैस सिलेंडर, मौके पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Jharkhand: Major revelation of LPG cylinder black marketing, 14 gas cylinders found inside a house, police arrested the accused on the spot.

रांची के बरियातू इलाके में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर LPG गैस की कालाबाजारी का खुलासा किया। 14 सिलेंडर जब्त किए गए और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
________________________________________
रांची। पूरा देश गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहा है। गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही है। महीने भर बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने आपदा में अवसर ढूंढ लिया है। ऐसा ही एक मामला रांची के बरियातू क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने LPG गैस की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा किया है।

जानकारी के अनुसार, बरियातू स्थित हरिहर सिंह इलाके में एक घर से पुलिस ने छापेमारी कर कुल 14 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था। पुलिस को लंबे समय से इस इलाके में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायत मिल रही थी।

मामले का खुलासा गुप्त सूचना के आधार पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने पूरी रणनीति के तहत ट्रैप बिछाया, जिसमें अधिकारी खुद ग्राहक बनकर आरोपी से संपर्क में आए। बातचीत के दौरान यह तय हुआ कि एक गैस सिलेंडर 2400 रुपये में बेचा जाएगा, जो कि निर्धारित कीमत से काफी अधिक है।

जैसे ही सौदा पक्का हुआ, पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान घर से 14 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें अवैध तरीके से जमा कर रखा गया था। पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और जरूरतमंद लोगों को महंगे दामों पर गैस सिलेंडर बेचकर मुनाफा कमा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और सिलेंडरों की आपूर्ति कहां से हो रही थी।

Related Articles