झारखंड: 12 साल की बच्ची की हत्या मामले ने पकड़ा तूल, भाजपा ने रविवार तक का दिया अल्टीमेटम, पुलिस की जांच टीम एक्शन में..

Jharkhand: Murder case of 12-year-old girl escalates, BJP issues ultimatum till Sunday, police investigation team in action.

12 वर्षीय बच्ची का शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT गठित की है।
________________________________________
Jharkhand Crime News। झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुंबा गांव में 12 साल की एक बच्ची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना 25 मार्च की बताई जा रही है, जबकि तीन दिन बाद बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। प्रारंभिक जांच में इस बात की आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या की गई है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि उसके साथ दरिंदगी की गई। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल भी पैदा कर दिया है।घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे ‘रेयरेस्ट ऑफ द रेयर’ मामला बताया और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए कलंक हैं और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

हजारीबाग एसपी के निर्देशन में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है।घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे सरकार की संवेदनहीनता साफ झलकती है। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो हजारीबाग बंद किया जाएगा और राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस बीच, भाजपा नेता अमर बाउरी ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई दिनों तक शव गांव में पड़ा रहा, लेकिन प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाई।

इधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। विष्णुगढ़ एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पीड़ित परिवार को सुरक्षा भी प्रदान की जा रही है।

Related Articles