स्कूल में घूसखोरी: परीक्षा में नंबर बढ़ाने के नाम पर हो रही है वसूली, 5 नंबर के लिए 500 से 1000 रुपये तक ले रहे मास्टर साहब

Bribery in schools: Money is being extorted in exchange for increasing marks in exams; teachers are charging Rs. 500 to Rs. 1000 for just 5 extra marks.

School News : स्कूल में चल रही घूसखोरी का VIDEO VIRAL हुआ है। स्कूल के हेडमास्टर का छात्रों से पैसे लेते VIDEO सामने आया है।

सरकारी स्कूल में हेडमास्टर पर छात्रों से परीक्षा में नंबर बढ़ाने के नाम पर पैसे वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

पूरा मामला बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। बगहा-1 प्रखंड अंतर्गत रायबारी महुअवा पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय रायबारी महुअवा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में विद्यालय के प्रधान शिक्षक अमित कुमार पर छात्रों से प्रैक्टिकल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाने के नाम पर खुलेआम पैसे वसूलने का आरोप लगाया गया है।

वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कुछ छात्र शिक्षक के पास खड़े हैं और शिक्षक उनसे नकद राशि लेते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह राशि प्रैक्टिकल परीक्षा में नंबर बढ़ाने या बेहतर परिणाम दिलाने के एवज में ली जा रही थी। वीडियो के सामने आने के बाद न सिर्फ शिक्षा विभाग, बल्कि आम जनता और अभिभावकों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

प्रैक्टिकल के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
बताया जा रहा है कि यह घटना हाल ही में आयोजित प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान की है। आरोप है कि छात्रों को यह कहकर पैसे देने के लिए मजबूर किया गया कि अगर वे राशि नहीं देंगे तो उन्हें प्रैक्टिकल में कम अंक मिल सकते हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, ऐसे में इस तरह की कथित वसूली ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

अभिभावकों में गुस्सा, कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में जहां शिक्षा मुफ्त और निष्पक्ष होनी चाहिए, वहां इस तरह की घटनाएं बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। कई अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि दोषी शिक्षक के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

शिक्षा विभाग हरकत में, जांच के आदेश
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बगहा-1 पूरण कुमार शर्मा ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक शिक्षक छात्रों से पैसे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होता है, इसलिए इसकी विस्तृत जांच कराई जा रही है।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसे देखा गया है। उसमें शिक्षकों के द्वारा बच्चों से प्रैक्टिकल के नाम पर अवैध राशि की वसूली करते हुए देखा जा रहा है। इस मामले की जांच करवाई जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को अनुशंसा की जाएगी।”

दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
शिक्षा विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि छात्रों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles