Dhanbad News: 400 बेड अस्पताल बनने से पहले बवाल! सरकारी जमीन पर लोगों ने जताया दावा, मौके पर बढ़ा तनाव
सदर अस्पताल परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण का विरोध, प्रशासन बोला- जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज, दावेदार पेश करें दस्तावेज।

Dhanbad: धनबाद के सदर अस्पताल परिसर में प्रस्तावित 400 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण शुरू होने से पहले ही जमीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जमीन का सीमांकन और बाउंड्री वॉल निर्माण शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध किया और जमीन पर अपना मालिकाना हक जताया। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि जिस जमीन पर जिला प्रशासन बाउंड्री वॉल बनवा रहा है, वह उनकी निजी संपत्ति है। उनका आरोप है कि बिना जमीन के स्वामित्व की पूरी जांच किए प्रशासन जबरन घेराबंदी कर रहा है। लोगों ने मांग की कि पहले जमीन की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उसके बाद ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
दूसरी ओर, धनबाद के अंचल अधिकारी (सीओ) रामप्रवेश कुमार ने साफ कहा कि खाता संख्या-126 की संबंधित भूमि सरकारी राजस्व अभिलेखों में सरकारी जमीन के रूप में दर्ज है। इसी आधार पर सीमांकन और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का इस जमीन पर वैध दावा है, तो वह संबंधित दस्तावेज जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करे। प्रशासन नियमानुसार सभी दावों और आपत्तियों की जांच करेगा।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने मौके पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और अन्य अधिकारियों की तैनाती की है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो। सुरक्षा व्यवस्था के बीच फिलहाल बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य प्रशासन की निगरानी में जारी है।
अब इस पूरे मामले पर सभी की नजर इस बात पर है कि जमीन के दावों की जांच में क्या सामने आता है और क्या 400 बेड के नए अस्पताल का निर्माण बिना किसी कानूनी बाधा के आगे बढ़ पाएगा।









