दीपावली-छठ पर रेलवे की बड़ी सौगात, गोंदिया-पटना के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन; रांची, बोकारो और धनबाद में भी ठहराव
त्योहारों में घर जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत, 13 और 20 नवंबर को गोंदिया से रवाना होगी ट्रेन; 14 और 21 नवंबर को पटना से होगी वापसी

रांची। दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गोंदिया और पटना के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। ट्रेन संख्या 08895/08896 का परिचालन रांची, हटिया, बोकारो, धनबाद और जसीडीह होकर किया जाएगा। इस विशेष ट्रेन के चलने से त्योहारों पर अपने घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।
13 और 20 नवंबर को गोंदिया से रवाना होगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 08895 गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल 13 और 20 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे गोंदिया से रवाना होगी। रायपुर और राउरकेला होते हुए ट्रेन शनिवार तड़के 2:10 बजे हटिया और 2:30 बजे रांची पहुंचेगी। रांची से यह ट्रेन 2:40 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद सुबह 5:05 बजे बोकारो, 7:05 बजे धनबाद और 10:43 बजे जसीडीह पहुंचेगी। निर्धारित मार्ग से होते हुए ट्रेन शाम 4:30 बजे पटना पहुंचेगी।
14 और 21 नवंबर को पटना से होगी वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 08896 पटना-गोंदिया पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर को शाम 6:10 बजे पटना से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 8:05 बजे ट्रेन रांची पहुंचेगी। यहां से 8:15 बजे गोंदिया के लिए प्रस्थान करेगी। इस तरह दोनों दिशाओं में विशेष ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को त्योहार के दौरान सफर में सहूलियत मिलेगी।
20 कोच के साथ चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी टू टियर का एक, एसी थ्री टियर के तीन, स्लीपर श्रेणी के 10, सामान्य श्रेणी के चार और दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे की यह व्यवस्था यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी।









