अच्छी खबर : अब आंगनबाड़ी सहायिका-सेविका व आशा वर्करों का भी होगा 5 लाख तक का फ्री इलाज, राज्य सरकार ने 17 लाख कामगारों को आयुष्मान योजना से जोड़ा
Good news: Anganwadi workers and Asha workers will now also receive free treatment up to Rs 5 lakh. The state government has linked 17 lakh workers to the Ayushman Yojana.

Good News। अब आशा कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी सहायिका-सेविका का भी 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज होगा। राज्य सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के दायरे का विस्तार करते हुए श्रमिक और फ्रंटलाइन वर्करों को बड़ी राहत दी है। बिहार की नीतीश सरकार ने इसे लेकर प्रक्रिया शुरू कर दिया है।
राज्य सरकार के निर्णय के मुताबिक आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका, विशेष सशस्त्र पुलिस बल के जवान और भवन निर्माण कर्मकार बोर्ड में निबंधित श्रमिकों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इन सभी पात्र लाभार्थियों और उनके परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज उपलब्ध कराया जाएगा।
राज्य सरकार के इस फैसले राज्य में काम कर रहे 17 लाख से अधिक कामगारों के परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) शशांक शेखर के मुताबिक राज्य में आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका से जुड़े कुल 268492 परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा गया है।
यही नहीं भवन निर्माण कर्मकार बोर्ड में निबंधित श्रमिकों के 1426 लाख परिवार भी इस योजना के दायरे में आ गए हैं। इन श्रमिकों का स्वास्थ्य बीमा श्रम संसाधन विभाग द्वारा कराया जाएगा। किसी श्रमिक के बीमार पड़ने पर इलाज से संबंधित बीमा कवरेज की राशि का भुगतान भी श्रम संसाधन विभाग करेगा।
उन्होंने बताया कि आशा, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका को मिलाकर कुल लाभार्थियों की संख्या तीन लाख से अधिक है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों और जमीनी स्तर पर सेवा देने वाले कर्मियों को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।









