Gumla News: PLFI का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी समेत चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार बरामद

गुमला। झारखंड के गुमला जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने संगठन के जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें संगठन के तीन दस्ता सदस्य भी शामिल हैं। आरोपियों के पास से हथियार बरामद होने की जानकारी मिली है।
गुप्त सूचना पर क्यूआरटी टीम ने की छापेमारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उग्रवादी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) ने कामडारा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इसी कार्रवाई के दौरान विश्राम कोंगाड़ी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई है।
गुमला, खूंटी और सिमडेगा में सक्रिय था कमांडर
बताया जा रहा है कि विश्राम कोंगाड़ी गुमला, खूंटी और सिमडेगा जिलों में सक्रिय था। गिरफ्तारी को क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कार्रवाई माना जा रहा है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले में अन्य विवरण स्पष्ट हो सकेंगे।









