Dubai to Tel Aviv flight emergency: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में मचा हड़कंप, बोइंग 737 मैक्स ने भेजा इमरजेंसी सिग्नल, हाईजैकिंग की फैली थी आशंका

दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की फ्लाइट ने पहले 7700 और फिर 7500 कोड भेजा, जिसके बाद हाईजैक की आशंका से इजराइली सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं; बाद में सामने आया कि विमान में पायलटों के बीच झड़प हुई थी

Dubai to Tel Aviv flight emergency: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक बोइंग 737 मैक्स फ्लाइट (Boeing 737 Max) बुधवार को हड़कंप मच गया। पायलट की तरफ से भेजे गये इमरजेंसी अलर्ट के बाद तत्काल सिक्युरिटी फोर्सेस भी एक्टिव हो गयी। हालांकि कुछ देर बाद प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करा दी गयी। जिस वक्त ये घटना घटी, उस वक्त प्लेन में 180 यात्री सवार थे। प्रारंभिक तौर पर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं आयी है।

 

 

लेकिन जानकारी के मुताबिक बड़े विवाद और ऊहापोह के बीच पायलट ने प्लेन में अचानक इमरजेंसी घोषित कर दी और उत्तरी सऊदी अरब के ऊपर से वापस प्लेन को लौटा दिया। विमान द्वारा हाईजैकिंग का संकेत देने वाला कोड भेजे जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सनसनी फैल गई थी। हालांकि, बाद में स्थिति स्पष्ट हुई कि यह घटना किसी आतंकी हमले या अपहरण की नहीं, बल्कि विमान के दो पायलटों के बीच आपसी झगड़े का नतीजा थी।

 

 

स्क्वॉक कोड 7700 से 7500 तक का सफर

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान ने अपनी उड़ान के दौरान सबसे पहले 7700 स्क्वॉक कोड भेजा, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामान्य इमरजेंसी का संकेत माना जाता है। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद विमान की ओर से 7500 स्क्वॉक कोड प्रसारित किया गया। एविएशन नियमों के अनुसार, 7500 कोड का सीधा मतलब हाईजैकिंग या किसी तरह के गैरकानूनी और बाहरी हस्तक्षेप से होता है। इस गंभीर सिग्नल के मिलते ही विमान सऊदी अरब की तरफ मुड़ गया।

 

 

फाइटर जेट्स की तैनाती और सुरक्षा घेरा

आसमान में हाईजैकिंग की आशंका गहराते ही हड़कंप मच गया। हिब्रू मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, इस आपात स्थिति को भांपते हुए इजराइली एयर फोर्स के फाइटर जेट्स को सतर्क कर दिया गया और उन्हें संदिग्ध विमान की निगरानी व सुरक्षा के लिए रवाना किया गया। इन लड़ाकू विमानों की निगरानी के बीच ही यात्री विमान को सुरक्षित रूप से नीचे उतारा गया।

 

 

बाद में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ऑफिस के एक प्रवक्ता ने आधिकारिक रूप से स्थिति साफ करते हुए कहा कि विमान के हाईजैक होने का कोई खतरा नहीं था और न ही ऐसी कोई वास्तविक स्थिति उत्पन्न हुई थी।

 

 

 

पायलटों के बीच आपसी विवाद बना वजह

इजरायली मीडिया ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुरुआती जांच और सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा ड्रामा विमान के कॉकपिट में मौजूद दो पायलटों के बीच आपसी झगड़े के कारण हुआ। पायलटों के बीच उपजे इस विवाद के चलते ही विमान से गलत या आपातकालीन सिग्नल प्रसारित हुए।

 

 

इस फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे। राहत की बात यह है कि इस पूरी अफरा-तफरी के बीच विमान सऊदी अरब के किंगडम के सिविलियन और मिलिट्री बेस ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

 

 

आपातकालीन उच्च स्तरीय बैठक

घटना के तूल पकड़ने और सुरक्षा संबंधी कड़े संकेतों के मिलने के बाद, इजरायल के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने तुरंत एक इमरजेंसी कंसल्टेशन (आपातकालीन बैठक) बुलाई। हालांकि ताबुक एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद फ्लाइट ट्रैकिंग साइट्स से यह विमान ओझल हो गया, लेकिन इस अजीबोगरीब घटना ने एक बार फिर कॉकपिट की सुरक्षा और पायलटों के आपसी अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close