24 घंटे की मूसलाधार बारिश और बादल फटने से राजौरी में भारी तबाही, दो मकान ढहे; अगले 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी
J&K में कुदरत का कहर! बाढ़ ने बहा दी 200 से ज्यादा गाड़ियां, बस स्टैंड भी पानी में समाया

श्रीनगर/राजौरी। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। पिछले 24 घंटे से जारी बारिश के कारण राजौरी जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अचानक आई बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं ने शहर में भारी नुकसान पहुंचाया है। सबसे ज्यादा असर धरहाल नदी के किनारे बसे इलाकों में देखने को मिला, जहां तेज बहाव में 200 से अधिक वाहन बह गए, जबकि कई वाहन मलबे और कीचड़ में दब गए।
लगातार बारिश के चलते धरहाल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। कई रिहायशी क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया, जिससे लोगों के घरों में रखा सामान खराब हो गया और लाखों रुपये का नुकसान हुआ। तेज बहाव के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
तबाही का सबसे बड़ा असर बेला बस स्टैंड पर देखने को मिला, जहां पूरा निचला इलाका जलमग्न हो गया। हालात ऐसे हैं कि बस स्टैंड का नामोनिशान तक मिट गया। इसके अलावा दो मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि कई दुकानें और अन्य इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रातभर हुई भारी बारिश के बाद नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे शहर के कई हिस्सों में बाढ़ का पानी फैल गया। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं और आवाजाही प्रभावित हो गई।
उधर, मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अगले 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है तथा प्रभावित इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।









