झारखंड में जोरदार बारिश: इन जिलों में बारिश की चेतावनी जारी, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट किया जारी, पढ़िये मौसम का अलर्ट…
Heavy rain in Jharkhand: Rain warning issued in these districts, Meteorological Department issued alert for next 48 hours, read the weather alert...

झारखंड में तेजी से मौसम बदलने वाला है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कई जिलों में हल्की बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने 9 और 10 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
________________________________________
Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार से राज्य के दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए 9 और 10 मार्च के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है। इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है।
8 मार्च को राजधानी रांची सहित पूर्वी जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 9 मार्च को इसका प्रभाव उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कुछ इलाकों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 मार्च को भी इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा चल सकती है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात होने की भी आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।
खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों और खेतों में काम करने वाले किसानों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। राजधानी रांची में भी मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर में दिनभर आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश का एक दौर देखने को मिल सकता है।
रविवार को भी इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना है। हालांकि इस बारिश से तापमान में ज्यादा गिरावट आने की उम्मीद नहीं है। उल्टे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलने की संभावना कम है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में दिनभर आंशिक बादल छाए रहे। सरायकेला में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन का तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम था। रात का तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी की अधिकतम मात्रा 39 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे दिन के समय हल्की उमस भी महसूस की गई।
मौसम विभाग के पांच दिन के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। देवघर, धनबाद, दुमका और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वहीं गोड्डा और पाकुड़ में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड के चतरा, गढ़वा और पलामू जैसे जिलों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है।









