झारखंड: “नक्सली संगठन से हूं, 50 लाख देना होगा”, पुलिस ने फर्जी नक्सली बनकर लेवी वसूलने वालों को दबोचा, दो गिरफ्तार

Jharkhand: "I belong to a Naxalite organization, I will have to pay Rs 50 lakh", police nab those posing as fake Naxalites collecting levy, two arrested

पाकुड़। नक्सली संगठन के नाम पर 50 लाख रुपये की लेवी मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस को ये कामयाबी पाकुड़ जिले में मिली है, जहां अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में बीजीआर कोल माइंस कंपनी से रंगदारी मांगने वाले दो स्थानीय बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने खुद को नक्सली संगठन से जुड़ा बताकर कंपनी के कर्मचारियों को डराने और मोटी रकम वसूलने की कोशिश की थी।मामला 14 मई की रात का है। जानकारी के अनुसार, बीजीआर कोल माइंस कंपनी बरदाहा गांव के पास इकड़ी नाला में पुल निर्माण का कार्य करा रही है।

इसी दौरान देर रात दो नकाबपोश युवक निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों को धमकाते हुए नक्सली संगठन के नाम पर 50 लाख रुपये की लेवी की मांग की। बदमाशों ने कथित तौर पर पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन और स्थानीय कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 34/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बड़दाहा निवासी चांद हांसदा उर्फ चुटरोय तथा पचुवाड़ा निवासी चानुस सोरेन के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं उनका संबंध किसी आपराधिक गिरोह या नक्सली नेटवर्क से तो नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और उद्योगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

इस कार्रवाई में अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, पप्पू कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार राय सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते मामले का खुलासा कम समय में हो सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *