जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद होंगे झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, 28 नवंबर से संभालेंगे जिम्मेदारी, अधिसूचना जारी

रांची। झारखंड हाईकोर्ट में नए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की गई है। जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद को झारखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है।
जारी अधिसूचना के मुताबिक, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर 2026 से झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभालेंगे। वर्तमान में वे झारखंड हाईकोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत हैं।
27 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे वर्तमान मुख्य न्यायाधीश
झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक 27 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति प्रभावी होगी।
संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत हुई नियुक्ति
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त होने या मुख्य न्यायाधीश के अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में असमर्थ होने की स्थिति में राष्ट्रपति हाईकोर्ट के किसी अन्य न्यायाधीश को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त कर सकते हैं।
जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद 28 नवंबर से झारखंड हाईकोर्ट की न्यायिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नेतृत्व करेंगे। उनकी नियुक्ति के संबंध में विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।









