झारखंड: हथियारों का जखीरा मिला, नक्सलियों के खिलाफ ज्वाइंट आपरेशन में बड़ी कामयाबी, राइफल, हैंड ग्रेनेड सहित मिले मौत के ये सामान

Jharkhand: Weapons cache found, major success in joint operation against Naxalites, including assault rifles and hand grenades.

झारखंड में नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के खिलाफ चलाए गए संयुक्त अभियान में पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। पारसनाथ की तराई में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं, जिससे नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले में नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के ज्वाइंट आपरेशन में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट सुनीलदत्त त्रिपाठी को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि उन्हें और सीआरपीएफ के कमांडेंट को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि पारसनाथ की तराई वाले इलाके में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपा कर रखी है। यह इलाका पहले भी नक्सली गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है।

सूचना मिलते ही नक्सलियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की योजना बनाई गई। अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ 154 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी कुमार ओम प्रकाश सिंह और सहायक कमांडेंट सी.एच. तोम्बा सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त ऑपरेशन प्लान तैयार किया गया।

इसके बाद सीआरपीएफ एफ/154 बटालियन के जवानों और गिरिडीह जिला पुलिस की टीम ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान खुखरा थाना क्षेत्र से सटे पारसनाथ पहाड़ी के भालकी पहाड़ी इलाके में, कानेडीह के समीप बीडीडीएस (बम निरोधक दस्ते) की सहायता से जांच की गई। इस दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाए गए हथियार, गोला-बारूद और अन्य प्रतिबंधित सामग्री मिली। बीडीडीएस टीम ने पूरी सतर्कता के साथ विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला, जिससे किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सका।

बरामद सामान का विवरण
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद किए गए सामानों में बड़ी संख्या में घातक हथियार शामिल हैं। इनमें 303 बोर की बोल्ट एक्शन सिंगल शॉट राइफल के 11 पीस, प्वाइंट 22 राइफल के 9 पीस, 6 हैंड ग्रेनेड, एक एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर, एक एएमएन बॉक्स, 30 चार्ज क्लिप और दो बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर शामिल हैं। यह बरामदगी नक्सलियों की किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था और सख्त होगी
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि इस सफलता से नक्सलियों के मनोबल को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर शांति व्यवस्था को भंग नहीं होने दिया जाएगा। आने वाले दिनों में नक्सल प्रभावित इलाकों में गश्त और सर्च ऑपरेशन और तेज किए जाएंगे।

Related Articles