झारखंड: तीन दिन सावधान रहियेगा! मौसम विभाग ने दे दी बड़ी चेतावनी, 21 मई तक झारखंड के इन जिलों में आंधी-तूफान और बारिश
Jharkhand: Be careful for three days! The Meteorological Department has issued a major warning, warning of thunderstorms and rain in these districts of Jharkhand until May 21st.

Jharkhand Weather Update : झारखंड में जल्द ही प्री मानसून की दस्तक दिखायी देने वाली है। प्री मानसून अभी औपचारिक तौर पर तो झारखंड नहीं पहुंचा है, लेकिन अभी से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। अगले तीन दिनों तक झारखंड में फिर से आंधी-तूफान और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ हिस्सों में मौसम शुष्क भी रह सकता है। मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से दक्षिणी और मध्य झारखंड के इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 18 मई को खूंटी और गुमला समेत दक्षिणी झारखंड के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चली है। उसी तरह से 19 मई से लेकर 21 मई तक बारिश और आंधी तूफान का असर दिखेगा। इसके साथ ही वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।
इसी तरह धनबाद, बोकारो, रामगढ़ और लोहरदगा समेत मध्य झारखंड के कई जिलों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अचानक मौसम बदलने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम केंद्र के अनुसार हजारीबाग और कोडरमा समेत उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना कम है और वहां मौसम सामान्य बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भी पूर्वानुमान जारी किया है। 19 मई को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। कई इलाकों में वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
20 मई को पूर्वी और निकटवर्ती मध्य झारखंड के जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघ गर्जन और बिजली गिरने की आशंका है।
वहीं 21 मई को पलामू, गढ़वा और लातेहार को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और बोकारो में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।









