झारखंड: होली के पहले भीषण आगजनी से मचा हड़कंप, कई सिलेंडर भी हुए ब्लास्ट, फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी

Jharkhand: A massive fire broke out before Holi, causing several cylinder explosions; fire brigade teams are busy extinguishing the flames.

बोकारो। होली के पहले एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आ रही है। बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिवानडीह मोड़ पर स्थित एक टेंट हाउस में मंगलवार शाम भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास का पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान 5 से 7 गैस सिलेंडर फटने की आवाजें सुनाई दीं है।

मिली जानकारी के मुताबिक देर शाम के समय अचानक टेंट हाउस से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। टेंट हाउस में सजावटी सामग्री, कपड़े, प्लास्टिक सामान और गैस सिलेंडर रखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। चश्मदीदों के मुताबिक कई सिलेंडरों के फटने से धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी है।

इधर, आग की लपटों ने पास की 4 से 5 दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कई दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग पर काबू पाने की तैयारी की जा रही थी। माराफारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को हटाने और इलाके को सुरक्षित करने का प्रयास किया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

आसपास के घरों और दुकानों को खाली कराने की भी कार्रवाई की गई। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति भी बंद करवाई, ताकि शॉर्ट सर्किट या अन्य जोखिम से बचा जा सके। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया, तो आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी घरों के भी आग की जद में आने की आशंका जताई जा रही थी।

Related Articles