28 साल पुराने सड़क हादसे में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, परिजनों को 2 लाख नहीं, अब मिलेगा 7.60 लाख मुआवजा, पढ़िये हाईकोर्ट ने क्या कहा…
झारखंड हाईकोर्ट ने 28 साल पुराने सड़क हादसे के मामले में मुआवजा 2 लाख से बढ़ाकर 7.60 लाख रुपये किया। नेशनल इंश्योरेंस की अपील खारिज, 6% ब्याज का आदेश।

रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने सड़क हादसे के मुआवजे को लेकर बहुत ही अहम फैसला सुनाया है। करीब 28 साल पुराने सड़क हादसे के मामले में मृतक के परिजनों को हाईकोर्ट के इस फैसले से बड़ी राहत दी है। अदालत ने मुआवजा राशि को दो लाख रुपये से बढ़ाकर 7.60 लाख रुपये कर दिया है।
इसके साथ ही बीमा कंपनी को दावा याचिका दाखिल करने की तारीख से भुगतान होने तक 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का भी आदेश दिया गया है।चीफ जस्टिस एमएस सोनक की अदालत ने यह फैसला सुनाते हुए नेशनल इंश्योरेंस कंपनी की अपील खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि बीमा कंपनी केवल बीमा पॉलिसी से इनकार करने के आधार पर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती।
2013 में ट्रिब्यूनल ने दिया था दो लाख रुपये मुआवजा
यह मामला हजारीबाग मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के 1 जुलाई 2013 के फैसले से जुड़ा है। जुबैदा खातून की ओर से दायर दावा याचिका पर ट्रिब्यूनल ने मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था।इस फैसले से असंतुष्ट नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने झारखंड हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। कंपनी ने दावा किया था कि हादसे में शामिल वाहन का उसके यहां बीमा नहीं था।
बीमा पॉलिसी को बताया था फर्जी
बीमा कंपनी की ओर से अदालत में तर्क दिया गया कि ट्रिब्यूनल के समक्ष जो बीमा पॉलिसी की फोटो कॉपी पेश की गई थी, वह कथित तौर पर फर्जी थी। कंपनी ने इसी आधार पर मुआवजा देने की जिम्मेदारी से खुद को अलग करने की कोशिश की।हालांकि, हाईकोर्ट ने कंपनी की दलील को स्वीकार नहीं किया।
‘सिर्फ इनकार करने से जिम्मेदारी खत्म नहीं होती’
हाईकोर्ट ने कहा कि बीमा कंपनी ने ट्रिब्यूनल के सामने केवल लिखित बयान के जरिए पॉलिसी से इनकार किया था। लेकिन कंपनी ने अपने रिकॉर्ड पेश कर यह साबित नहीं किया कि संबंधित बीमा पॉलिसी वास्तव में उसके द्वारा जारी नहीं की गई थी।
अदालत ने यह भी कहा कि कथित फर्जीवाड़े के आरोप को साबित करने के लिए बीमा कंपनी की ओर से कोई स्वतंत्र साक्ष्य पेश नहीं किया गया। ऐसे में केवल अपील के दौरान फर्जी पॉलिसी का दावा करके बीमा कंपनी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
मुआवजा बढ़ाकर 7.60 लाख रुपये किया
हाईकोर्ट ने मामले के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद मृतक के परिजनों को मिलने वाली मुआवजा राशि को 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 7.60 लाख रुपये कर दिया।अदालत ने आदेश दिया कि इस राशि पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी दिया जाएगा। ब्याज की गणना दावा याचिका दाखिल करने की तारीख से लेकर मुआवजे की पूरी राशि के भुगतान तक की जाएगी।







