झारखंड- 25 लाख की लूट: गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच 25 लाख की लूट, एक घायल, 4-5 राउंड फायरिंग से इलाके में दहशत
Jharkhand – 25 lakh loot: 25 lakh looted amid gunfire, one injured, 4-5 rounds of firing create panic in the area

झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम लूट की बड़ी वारदात हुई है। हथियारबंद अपराधियों ने करीब 25 लाख रुपये के जेवर लूट लिए और विरोध पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जबकि पुलिस जांच में जुटी हुई है।
________________________________________
Jharkhand Crime News : झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत डेली मार्केट के समीप शनिवार को अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दिन के लगभग 11:30 बजे हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाया और करीब 22 से 25 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए। यह घटना भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
ज्वेलरी व्यवसायी प्रभु सोनी की दुकान पर तीन अपराधी अपाचे बाइक से पहुंचे थे। अपराधियों के चेहरे ढके हुए थे और उनके हाथों में हथियार थे। दुकान में घुसते ही उन्होंने व्यवसायी को डराया-धमकाया और शो-केस में रखे सोने के जेवरात समेटने लगे। लूट की वारदात को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया और विरोध करने की कोशिश की।
विरोध होता देख अपराधियों ने दहशत फैलाने के इरादे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं। इसी दौरान सुधीर सोनी नामक व्यक्ति के हाथ में गोली लग गई। गोली लगते ही बाजार में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अपराधी इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर लूटे गए जेवरात के साथ मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुधीर सोनी को बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ज्वेलरी शोरूम और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी अभियान भी तेज कर दिया गया है।









